दिल्ली विधानसभा चुनाव 2025: 'चाहें जितने गुंडे बुला लें..न वो जीतेंगे और न ही उनकी पार्टी', बीजेपी नेता केजरीवाल पर बड़ा हमला

- दिल्ली विधानसभा के नजदीक आते ही गरमाई सियासत
- नेताओं के बीच आरोप-प्रत्यारोप का दौर जारी
- कुलजीत चहल ने अरविंद केजरीवाल के हारने का किया दावा
डिजिटल डेस्क, नई दिल्ली। दिल्ली विधानसभा चुनाव जैसे-जैस नजदीक आता जा रहा है, वैसे-वैसे यहां का सियासी पारा भी हाई होते जा रहा है। सभी दलों के नेता एक-दूसरे पर जमकर निशाना साध रहे हैं। इस बीच भाजपा नेता कुलजीत चहल ने पूर्व मुख्यमंत्री अरविंद केजरीवाल पर निशाना साधते हुए उनके नई दिल्ली विधानसभा सीट से चुनाव हारने का दावा किया। इसके साथ ही उन्होंने कहा कि आप संयोजक चुनाव के लिए जिन गुंडों का इस्तेमाल वह कर रहे हैं वे काम में नहीं आएंगे।
पंजाब से आए गुंडे
नई दिल्ली नगरपालिका परिषद (एनडीएमसी) के उपाध्यक्ष कुलजीत चहल ने सत्ताधारी दल पर पंजाब से कार्यकर्ताओं को बुलाने का आरोप लगाया। उन्होंने कहा कि हमारे पास ऐसी शिकायत भी आई हैं कि पंजाब के आप के कार्यकर्ता एनडीएमसी इलाके में दिखाई दे रहे हैं। केजरीवाल पंजाब से कार्यकर्ता बुला लें या फिर गुंडे। दिल्ली में आम आदमी पार्टी की हार पक्की है और भाजपा दो-तिहाई बहुमत से सरकार बनाएगी।
नई विधानसभा सीट से हारेंगे केजरीवाल
बीजेपी नेता ने आगे कहा कि केजरीवाल नई दिल्ली विधानसभा सीट नहीं बचा पाएंगे। इनके साथ इनके सभी मंत्री चुनाव हारने वाले हैं। इसलिए केजरीवाल हताश हो गए हैं। पंजाब में केजरीवाल ने महिलाओं को उनके बैंक खाते में पैसा देने की बात की थी। आज तक उनके खाते में पैसा नहीं गया। किस मुंह से केजरीवाल दिल्ली की महिलाओं के बैंक खाते में पैसा देने की बात करते हैं। भाजपा ने पीएम मोदी के नेतृत्व में जो संकल्प लिया है उसे पूरा किया जाएगा। केजरीवाल के भ्रष्टाचार से जनता त्रस्त हो चुकी है।
5 फरवरी को सारे भ्रष्टाचार का जवाब देगी जनता
भाजपा नेता ने कहा कि जनता 5 फरवरी को सारे भ्रष्टाचार का जवाब देगी। लेकिन जो घोटाले हुए, चाहे वह "शीश महल" का घोटाला हो या शराब घोटाला, शिक्षा घोटाला हो या जल बोर्ड घोटाला, आप उसके बारे में नहीं बता रहे हैं, आपने जो धोखाधड़ी की है उसके बारे में जनता को नहीं बता रहे हैं। केजरीवाल का जिस तरह से कांग्रेस के साथ गठबंधन करने पर लोकसभा के चुनाव में सफाया हुआ था। इस विधानसभा चुनाव में भी यही हाल होने वाला है। उन्होंने कहा कि यह वही केजरीवाल हैं जो राम मंदिर का विरोध करते हैं, सर्जिकल स्ट्राइक का विरोध करते हैं। दिल्ली की जनता ने तय किया है कि चुनाव से इन लोगों को उखाड़ फेंकना है।
Created On :   22 Jan 2025 2:49 AM IST