कांग्रेस पार्टी ने गिनाई मोदी सरकार की 9 साल की खामियां, जीएसटी की तुलना 'गब्बर सिंह' से की

- कांग्रेस पार्टी का बीजेपी पर हमला
- मोदी सरकार के कार्यकाल को बताया भ्रष्टाचार
- बीजेपी के रिएक्शन का इंतजार
डिजिटल डेस्क, नई दिल्ली। मोदी सरकार को आज यानी 26 मई को केंद्र सरकार में 9 साल पूरे हो गए। जिसको पार्टी काफी शानदार बताने के साथ ही देश की तरक्की में बीते 9 साल बता रही है। जबकि इसके उलट कांग्रेस पार्टी ने अपने आधिकारिक ट्विटर हैंडल से एक ट्वीट किया है। जिसमें उसने मोदी सरकार में कोई विकास नहीं होने की बात कही है। कांग्रेस के मुताबिक, मोदी सरकार के 9 साल के कार्यकाल में महंगाई, बेरोजगारी और भ्रष्टाचार बड़े स्तर पर बढ़ी है।
कांग्रेस ने अपने आधिकारिक ट्विटर हैंडल से एक लंबा नोट शेयर किया है। जिसमें मोदी सरकार की 9 साल के कार्यकाल को 'नाकाम' बताया है। साथ ही कांग्रेस ने आरोप लगाया है कि 9 साल के दौरान सरकार ने जो फैसले लिए हैं उन फैसले की मार आम जनता के ऊपर पड़ी है। जिसकी वजह से उनकी स्थिति दयनीय है। साथ ही कांग्रेस पार्टी ने अपने एक ट्वीट में सवाल पूछा है कि, "पीएम मोदी ने 9 साल में कितनी प्रेस कॉन्फ्रेंस की?" वहीं केंद्र की भाजपा सरकार अपने कार्यकाल को जनहितैषी बता रही है तो कांग्रेस महंगाई, बेरोजगारी और उद्योगपतियों को अमिर करने के मुद्दे पर घेर रही है।
मोदी सरकार को बताया 'नाकामी के 9 साल'
कांग्रेस पार्टी ने मोदी सरकार के 9 साल के कार्यकाल को 'नाकाम' बताते हुए ट्विटर पर लिखा, आज मोदी सरकार को 9 साल हो गए। ये 'नाकामी' के 9 साल हैं। देश की बदहाली के 9 साल हैं। इन 9 वर्षों में लोगों को महंगाई, बेरोजगारी और तानाशाही फैसलों की मार झेलनी पड़ी है। जुमलों के दम पर सत्ता में आई मोदी सरकार ने अपना एक भी वादा पूरा नहीं किया। केवल तारीख पर तारीख देते रहे हैं।
बीजेपी के 9 साल के कार्यकाल को हर मोर्चे पर असफल बताते हुए कांग्रेस ने लिखा, 2022 तक किसानों की आय दोगुनी करने का वादा, 2022 तक सबको घर देने का वादा, कालाधन लाकर 15 लाख देने का वादा और हर साल 2 करोड़ नौकरी का वादा, ये तो बानगी भर है, इनके जुमले गिनने बैठें तो गिनते हुए कई दिन बीत जाएं।
जीएसटी को गब्बर सिंह टैक्स बताया
मोदी सरकार को नासमझ और देश को आफत में डालने का आरोप लगाते हुए कांग्रेस पार्टी ने कहा, पीएम मोदी ने अपने वादे तो पूरे नहीं किए, इसके उलट अपनी नासमझी से देश को आफत में डाल दिया। नोटबंदी ने अर्थव्यवस्था चौपट कर दी, बैंक की लाइनों में लोगों की मौत हुई। कौन भूल सकता है उस भयावह मंजर को। जीएसटी को गब्बर सिंह टैक्स बताते हुए मोदी सरकार के 9 साल के कार्यकाल के सम्पन्न होने पर कांग्रेस ने आगे लिखा, गब्बर सिंह टैक्स (जीएसटी) से व्यापारी तबाह हैं। आए दिन इसका विरोध होता है, लेकिन सुनने वाला मोर को दाने देने में व्यस्त रहे तो लोग क्या करें। अग्निवीर के फैसले ने युवाओं के सपनों को कुचल दिया। जब वो विरोध में उतरे तो उन्हें धमकाया गया कि उनका भविष्य चौपट कर दिया जाएगा।
लोकतंत्र की हत्या करने का लगाया आरोप
कांग्रेस ने मोदी सरकार पर आरोप लगाया कि इन्होंने अपने कार्यकाल के दौरान उद्योगपतियों पर बड़ी ही मेहरबानी दिखाई है। जिसका खामियाजा आम जनता को भुगतना पड़ा है। कांग्रेस ने मोदी सरकार पर धमकाने का आरोप लगाते हुए लिखा, हां.. धमकाया गया। मोदी सरकार जनता को डराकर-धमकाकर, सत्ता को खरीदकर, मित्र को सब बेचकर मौज करने के फार्मूले पर चल रही है। कोई आवाज उठाए उसे दबा दो, कुचल दो, जेल में ठूंस दो, बुलडोजर चला दो। केंद्रीय जांच एजेंसियों का धौंस दिखाने का आरोप लगाते हुए लिखा, ईडी और सीबीआई का डर दिखाओ। कहीं सरकार न बने तो पैसे के दम पर सत्ता खरीद लो और लोकतंत्र की हत्या कर दो।
कर्नाटक जैसा होगा हश्र- कांग्रेस
कांग्रेस पार्टी ने एयरपोर्ट और बड़े प्रोजक्ट बेचने का आरोप मोदी सरकार पर लगाते हुए कहा कि, देश के पोर्ट, एयरपोर्ट, बड़े प्रोजेक्ट 'मित्र' को बेच दो और आराम से 'मित्र काल' में महंगा मशरूम खाते रहो, फोटो खिंचाते रहो। आगे कहा, इनकी नाकामी की बातें बहुत हैं, इतनी की कई किताबें लिख दी जाए लेकिन तब भी बहुत सी बातें छूट जाएंगी। कर्नाटक चुनाव में पार्टी के शानदार प्रदर्शन को लेकर लिखा, ये 'नाकामी' के 9 साल हैं। अब जनता इनसे ऊब चुकी है। कर्नाटक का चुनाव इसका सबूत है, जहां जनता ने सीधे तौर पर पीएम मोदी और उनकी भ्रष्ट सरकार को नकार दिया। ये असंतोष की लहर दक्षिण से चली है जो पूरे देश को खुद में समेट लेगी। जनता इंतजार में है और करारा जवाब देगी।
Created On :   26 May 2023 12:17 PM IST