Congress Candidate List Update: मध्य प्रदेश में कांग्रेस ने चार सीटों पर उम्मीदवारों को बदला, जानें किन प्रत्याशियों का बदला टिकट

डिजिटल डेस्क, नई दिल्ली। मध्य प्रदेश विधानसभा चुनाव के लिए कांग्रेस ने बुधवार को चार सीटों पर अपने प्रत्याशियों के नाम बदल दिए हैं। इनमें सुमावली, पिपरिया, बड़नगर और जावरा विधानसभा सीट शामिल हैं। अब इन सीटों पर पार्टी ने नए प्रत्याशियों को मौका दिया है। इन सभी सीटों पर पार्टी द्वारा टिकट घोषित किए जाने के बाद से असमंजस की स्थिति बनी हुई थी। ऐसे में पार्टी ने एक बार फिर से इन सभी सीटों पर नए चेहरे को मौका दिया है।
इन चेहरे को मिला मौका
कांग्रेस की नई प्रत्याशियों की लिस्ट के मुताबिक, सुमावली से अब अजब सिंह कुशवाहा पार्टी की ओर से नेतृत्व करेंगे। इस सीट पर पहले कांग्रेस ने कुलदीप सिकरवार को प्रत्याशी चुना था। पिपरिया विधानसभा सीट से पार्टी ने गुरुचरण खरे के स्थान पर वीरेंद्र बेलवंशी को मौका दिया है। वहीं, बड़नगर से अब राजेन्द्र सिंह नामचीन के स्थान पर मुरली मोरवाल चुनावी मैदान में हैं। इसके अलावा जावरा सीट से हिम्मत श्रीमाल के स्थान पर वीरेंद्र सिंह सोलंकी चुनाव लड़ेंगे।
17 नवंबर को मध्य प्रदेश में विधानसभा चुनाव होने वाले हैं। जिसके नतीजे 3 दिसंबर को आएंगे। प्रदेश में बीजेपी और कांग्रेस आमने-सामने है। वहीं, बसपा और गोंगपा एक साथ आकर इन दोनों पार्टियों को चुनौती दे रहे हैं। वहीं, सपा और आम आदमी पार्टी प्रदेश में अकेले चुनाव लड़ने जा रही है।
कांग्रेस पार्टी ने मध्यप्रदेश विधानसभा चुनाव में सुमावली विधानसभा, पिपरिया विधानसभा, बड़नगर एवं जावरा विधानसभा हेतु प्रत्याशी घोषित किए।"जीतेगी कांग्रेस, जीतेगा मध्यप्रदेश" pic.twitter.com/t1zh7EHGtH— MP Congress (@INCMP) October 25, 2023

Created On :   25 Oct 2023 12:51 PM IST