दिल्ली सीएम को लेकर सस्पेंस बरकरार: विष्णु मित्तल ने AAP के आरोप का दिया मुंह तोड़ जवाब, कहा- आप को किस बात की है चिंता?

- सीएम को लेकर सस्पेंस जारी
- विष्णु मित्तल ने आप को घेरा
- 8 फरवरी को हुआ था नतीजों का एलान
डिजिटल डेस्क, नई दिल्ली। दिल्ली के मुख्यमंत्री को लेकर सस्पेंस बरकरार है। नतीजों को आए एक हफ्ते से भी ज्यादा का समय हो गया है लेकिन भारतीय जनता पार्टी ने अब तक सीएम फेस का एलान नहीं किया है। अब तक सीएम फाइनल न होने के चलते आम आदमी पार्टी के नेता लगातार बीजेपी पर निशाना साध रहे हैं। इसी को लेकर दिल्ली भाजपा के महासचिव विष्णु मित्तल ने AAP को मुंह तोड़ जवाब दिया है। उन्होंने कहा कि कि सीएम का नाम फाइनल न होने की चिंता AAP को क्यों हो रही है?
आप को जवाब
दिल्ली भाजपा नेता विष्णु मित्तल ने कहा कि मुख्यमंत्री के चयन में हो रही देरी की चिंता आम आदमी पार्टी को क्यों हो रही है? जिस दिन से भारतीय जनता पार्टी की जीत हुई है, उसी दिन से भारतीय जनता पार्टी का कार्यकर्ता जमीन पर जनता के बीच में है।
आपको बता दें, आप ने बीजेपी पर आरोप लगाया था कि भाजपा ने जो भी वादे दिल्ली के लोगों से किए हैं वह पूरे नहीं करेंगे। इसको लेकर विष्णु मित्तल ने कहा कि सबसे पहली बात, केंद्र की योजनाओं को दिल्ली में अरविंद केजरीवाल ने लागू होने नहीं दी थी। हमारी कैबिनेट की पहली मीटिंग में इन सभी योजनाओं को लागू करने का काम किया जाएगा। उन्होंने जो भ्रष्टाचार किया है, डिपार्टमेंट उसकी पूरी जांच करेगा। जो भी दोषी होगा, उन्हें जरूर सजा मिलेगी। जनता ने भाजपा पर भरोसा किया है। मेनिफेस्टो में हमने जितने भी वादे किए हैं, उन्हें पूरा करेंगे।
आतिशी मार्लेना का आरोप
आपको बता दें कि, दिल्ली की पूर्व मुख्यमंत्री आतिशी ने सीएम पद और मंत्री पद को लेकर बीजेपी के अंदर झगड़ा होने का आरोप लगाया था। उन्होंने कहा था कि भाजपा में मंत्री पद को लकर खींचतान जारी है। वहीं, बीजेपी सांसद अनुराग ठाकुर ने लोगों से धैर्य रखने को कहा। साथ ही उनका कहना है कि दिल्ली वालों ने हमें 5 साल के लिए चुना है। हम अच्छी सरकार बनाएंगे। अनुराग ठाकुर ही नहीं बल्कि सांसद बांसुरी स्वराज ने भी आतिशी मार्लेना के बयान पर अपनी सफाई पेश की थी। उन्होंने कहा था कि हमारे विधायक दल की बैठक में शीर्ष नेतृत्व की सहमति से इस पर फैसला लिया जाएगा। मैं, आपको और दिल्ली की जनता को आश्वस्त करती हूं कि भारतीय जनता पार्टी से जो भी समर्पित और मेहनती कार्यकर्ता मुख्यमंत्री पद की जिम्मेदारी संभालेगा, वह निश्चित रूप से यह सुनिश्चित करेगा कि दिल्ली एक विकसित देश की राजधानी बने।
Created On :   16 Feb 2025 2:30 PM IST