लोकसभा चुनाव 2024: यूपी में भाजपा के लिए खतरे की घंटी! नतीजे से पहले एग्जिट पोल के आंकड़ो ने बढ़ाई पार्टी की मुश्किलें

यूपी में भाजपा के लिए खतरे की घंटी! नतीजे से पहले एग्जिट पोल के आंकड़ो ने बढ़ाई पार्टी की मुश्किलें
  • लोकसभा चुनाव को लेकर एग्जिट पोल के नतीजे जारी
  • ज्यादातर राज्यों में भाजपा को बहुमत के आसार
  • उत्तरप्रदेश में लग सकता है झटका

डिजिटल डेस्क, नई दिल्ली। लोकसभा चुनाव के नतीजों को लेकर कई मीडिया चैनल्स ने 1 जून की शाम बाद से एग्जिट पोल्स के आंकड़े जारी किए। इसमें एबीपी सीवोटर के सर्वे के मुताबिक, देश के अधिकतर राज्यों की सीटों पर भाजपा को बहुमत मिलने का आसार है। हालांकि, उत्तरप्रदेश में भाजपा को नुकसान झेलना पड़ सकता है। दरअसल, पिछले लोकसभा चुनाव की तुलना में इस बार यूपी में भाजपा का प्रदर्शन फीका पड़ सकता है। इस लिहाज से यूपी में भाजपा की सभी 80 सीटें जीतने के लक्ष्य पर पानी फिर सकता है।

वोट शेयर में गिरावट

उत्तरप्रदेश में एबीपी सीवोटर एग्जिट पोल के सर्वे में बताया गया है कि इस बार यूपी की सीटों पर एनडीए का वोट प्रतिशत कम हो सकता है। साल 2019 के लोकसभा चुनाव में राज्य की सीटों पर भाजपा को 50 प्रतिशत वोट मिला था। ऐसे में इस बार पार्टी का वोट शेयर 44.1 पर आकर लुढ़क सकता है।

लोकसभा चुनाव में वोट प्रतिशत को लेकर एबीपी एग्जिट पोल ने आंकड़े जारी किए हैं। जिसके मुताबिक, भाजपा को 44.1 और इंडिया गठबंधन को 36.9 प्रतिशत वोट मिलने की संभावना है। जबकि, बसपा का वोट शेयर 14.2 प्रतिशत तक जा सकता है। जो अन्य राजनीतिक दलों की तुलना में काफी कम है।

सीटों पर भी गिरावट

यदि सीटों की लिहाज से देखे तो इस बार यूपी में भाजपा के अगुवाई वाले एनडीए को 62 से 66 सीटें मिलने की स्थिति बन रही है। साल 2019 के लोकसभा चुनाव में एनडीए ने राज्य की 64 सीटों पर जीत दर्ज की थी। इसके बाद आजमगढ़ और रामपुर सीटों के उपचुनाव में भाजपा ने जीत हासिल की थी। इसके बाद भाजपा के खाते में 66 सीटें आ गई थी। यदि मीडिया चैनलों के सर्वे में बताए गए आंकड़े सही होते हैं, तो भाजपा के खाते में 66 से भी कम सीटें आ सकती है।

एबीपी सीवोटर के सर्वे में यूपी की सीटों पर कांग्रेस और समाजवादी पार्टी के इंडिया गठबंधन को 15 से 17 सीटें मिलने की संभावना जताई गई है। इसके अलावा बहुजन समाज पार्टी के खाते में शून्य सीटें मिल सकती है।

Created On :   2 Jun 2024 5:30 PM GMT

Tags

और पढ़ेंकम पढ़ें
Next Story