राजनीति: ‘आप’ नेताओं का भाजपा में जाना अनैतिक, निशिकांत के बयान सांप्रदायिक संदीप दीक्षित

नई दिल्ली, 21 अप्रैल (आईएएनएस)। कांग्रेस नेता संदीप दीक्षित ने सोमवार को आम आदमी पार्टी (आप) के नेताओं के भारतीय जनता पार्टी (भाजपा) में शामिल होने को अनैतिक करार दिया। उन्होंने चुनाव आयोग की कार्यप्रणाली और भाजपा सांसद निशिकांत दुबे के सांप्रदायिक बयानों पर भी सवाल उठाए।
आईएएनएस से बातचीत में दीक्षित ने कहा कि ‘आप’ में अस्थिरता का माहौल है और ऐसे समय में पार्टी छोड़कर भाजपा में जाना गलत है। कहा, "आप में एक तरह की अराजकता है। नेता भाजपा में शामिल हो रहे हैं। जब पार्टी मुश्किल में है, तो उसे छोड़ना अनैतिक है। मैं इसे सही नहीं मानता।"
उन्होंने आप नेताओं के इस कदम को नैतिकता के खिलाफ बताया और कहा कि यह कदम पार्टी के कार्यकर्ताओं का मनोबल तोड़ता है।
चुनाव आयोग की निष्पक्षता पर सवाल उठाते हुए दीक्षित ने कहा कि हाल के चुनावों में वोटों में असामान्य वृद्धि देखी गई है, जो ज्यादातर भाजपा के पक्ष में जाती है।
उन्होंने कहा, "लोगों के मन में सवाल हैं कि अचानक वोट कैसे बढ़ जाते हैं और ये सारे वोट भाजपा के खाते में क्यों जाते हैं? पिछले तीन-चार सालों से यह चर्चा है कि एक संस्था किसी विशेष दल की मदद कर रही है।"
उन्होंने बिना नाम लिए चुनाव आयोग पर निशाना साधा और कहा कि ये तथ्य खुद सवाल खड़े करते हैं।
भाजपा सांसद निशिकांत दुबे के हालिया बयानों पर भी दीक्षित ने कड़ी आपत्ति जताई। उन्होंने कहा कि निशिकांत के बयान हिंदू-मुस्लिम के बीच तनाव और सांप्रदायिकता को बढ़ावा दे रहे हैं, जो अस्वीकार्य है।
दीक्षित ने कहा, "निशिकांत खतरनाक बयान दे रहे हैं। वे सांप्रदायिकता फैलाने की कोशिश कर रहे हैं। सरकार इसे कैसे देखती है, यह उस पर निर्भर है, लेकिन इसे बर्दाश्त नहीं किया जा सकता।"
दीक्षित ने केंद्र सरकार से निशिकांत जैसे नेताओं पर लगाम लगाने की अपील की। उन्होंने कहा कि सांप्रदायिक सद्भाव बनाए रखना सरकार की जिम्मेदारी है और ऐसे बयानों को अनदेखा करना खतरनाक हो सकता है। कांग्रेस नेता ने जोर देकर कहा कि देश की एकता और अखंडता के लिए सभी दलों को जिम्मेदारी से काम करना चाहिए।
अस्वीकरण: यह न्यूज़ ऑटो फ़ीड्स द्वारा स्वतः प्रकाशित हुई खबर है। इस न्यूज़ में BhaskarHindi.com टीम के द्वारा किसी भी तरह का कोई बदलाव या परिवर्तन (एडिटिंग) नहीं किया गया है| इस न्यूज की एवं न्यूज में उपयोग में ली गई सामग्रियों की सम्पूर्ण जवाबदारी केवल और केवल न्यूज़ एजेंसी की है एवं इस न्यूज में दी गई जानकारी का उपयोग करने से पहले संबंधित क्षेत्र के विशेषज्ञों (वकील / इंजीनियर / ज्योतिष / वास्तुशास्त्री / डॉक्टर / न्यूज़ एजेंसी / अन्य विषय एक्सपर्ट) की सलाह जरूर लें। अतः संबंधित खबर एवं उपयोग में लिए गए टेक्स्ट मैटर, फोटो, विडियो एवं ऑडिओ को लेकर BhaskarHindi.com न्यूज पोर्टल की कोई भी जिम्मेदारी नहीं है|
Created On :   21 April 2025 12:28 PM IST