राजनीति: कांग्रेस और महागठबंधन तेजस्वी यादव को मुख्यमंत्री का चेहरा मानने को तैयार नहीं मंगल पांडेय

कांग्रेस और महागठबंधन तेजस्वी यादव को मुख्यमंत्री का चेहरा मानने को तैयार नहीं मंगल पांडेय
बिहार के स्वास्थ्य मंत्री मंगल पांडेय ने कैमूर जिले के मोहनिया प्रखंड के बघिनी में श्रम संसाधन मंत्री संतोष सिंह के बेटे के तिलक समारोह में शामिल होने के दौरान विपक्षी दलों, विशेष रूप से राष्ट्रीय जनता दल (राजद) और महागठबंधन पर तीखा हमला बोला।

कैमूर, 25 अप्रैल (आईएएनएस)। बिहार के स्वास्थ्य मंत्री मंगल पांडेय ने कैमूर जिले के मोहनिया प्रखंड के बघिनी में श्रम संसाधन मंत्री संतोष सिंह के बेटे के तिलक समारोह में शामिल होने के दौरान विपक्षी दलों, विशेष रूप से राष्ट्रीय जनता दल (राजद) और महागठबंधन पर तीखा हमला बोला।

उन्होंने राजद नेता तेजस्वी यादव की मुख्यमंत्री पद की दावेदारी और महागठबंधन में चल रही खींचतान को लेकर कटाक्ष किया। उन्होंने कहा, "कांग्रेस और महागठबंधन की अन्य पार्टियां तेजस्वी को मुख्यमंत्री का चेहरा मानने को तैयार नहीं हैं। वे कहते हैं कि किसी भी कीमत पर तेजस्वी स्वीकार्य नहीं हैं। महागठबंधन में तो खुलेआम झगड़ा चल रहा है। राजद तेजस्वी यादव को अपना नेता मानता है, लेकिन तेजस्वी यादव और उनके परिवार पर कई गंभीर आरोप हैं। पूरा परिवार जमानत पर है। तेजस्वी यादव 32 साल की उम्र में 52 संपत्तियों के मालिक हैं और आय से अधिक संपत्ति के मामले में जमानत पर हैं। ऐसे लोगों को जनता आने वाले दिनों में सबक सिखाने का काम करेगी।"

पहलगाम आतंकवादी हमले को लेकर मंगल पांडेय ने कहा, "जिस तरह से इस घटना को अंजाम दिया गया, वह अत्यंत दुखद और मन को चोट पहुंचाने वाला है। हत्या किसी भी रूप में गलत है। प्रधानमंत्री मोदी ने कहा है कि इस अपराध के दोषियों को उनकी कल्पना से भी कड़ी सजा दी जाएगी। जब पीएम मोदी ने यह बात कही है, तो यह निश्चित रूप से होगा। न तो आतंकवादी बचेंगे, न ही इस षड्यंत्र को रचने वाले।"

मंगल पांडेय ने आरोप लगाया कि राजद अपनी प्रतिष्ठा बचाने के लिए दिल्ली में कांग्रेस नेताओं के सामने गिड़गिड़ा रहा है। तेजस्वी यादव दिल्ली के दरबार में हाजिरी लगा रहे हैं, लेकिन उनकी अंदरूनी लड़ाई जनता देख रही है। जनता जानती है कि चाहे राजद हो या कांग्रेस, ये भ्रष्टाचारी दल हैं, जो बिहार के विकास को बाधित करते हैं। बिहार की जनता विकास से समझौता नहीं करेगी। ये दल बिहार के विकास के रास्ते में रोड़ा हैं। जनता इनके भ्रष्टाचार और जंगलराज को भूली नहीं है।

आगामी बिहार विधानसभा चुनाव और एनडीए में सीट बंटवारे को लेकर मंगल पांडेय ने कहा, "एनडीए में सब कुछ 1000 प्रतिशत ठीक है। गांव से लेकर प्रदेश तक एनडीए एकजुट है। हमारे सभी पांच दलों के कार्यकर्ता एक साथ कार्यक्रम कर रहे हैं और डबल इंजन की सरकार की उपलब्धियां जनता तक पहुंचा रहे हैं। एनडीए आगामी बिहार विधानसभा चुनाव में 243 सीटों पर चुनाव लड़ेगी और 220 से अधिक सीटें जीतेगी। केंद्र और राज्य सरकार की योजनाओं का लाभ बिहार की जनता तक पहुंच रहा है, जिसके आधार पर जनता एनडीए को फिर से चुनेगी।"

अस्वीकरण: यह न्यूज़ ऑटो फ़ीड्स द्वारा स्वतः प्रकाशित हुई खबर है। इस न्यूज़ में BhaskarHindi.com टीम के द्वारा किसी भी तरह का कोई बदलाव या परिवर्तन (एडिटिंग) नहीं किया गया है| इस न्यूज की एवं न्यूज में उपयोग में ली गई सामग्रियों की सम्पूर्ण जवाबदारी केवल और केवल न्यूज़ एजेंसी की है एवं इस न्यूज में दी गई जानकारी का उपयोग करने से पहले संबंधित क्षेत्र के विशेषज्ञों (वकील / इंजीनियर / ज्योतिष / वास्तुशास्त्री / डॉक्टर / न्यूज़ एजेंसी / अन्य विषय एक्सपर्ट) की सलाह जरूर लें। अतः संबंधित खबर एवं उपयोग में लिए गए टेक्स्ट मैटर, फोटो, विडियो एवं ऑडिओ को लेकर BhaskarHindi.com न्यूज पोर्टल की कोई भी जिम्मेदारी नहीं है|

Created On :   25 April 2025 11:55 PM IST

Tags

और पढ़ेंकम पढ़ें
Next Story