Breaking News: आज की बड़ी खबरें 14 मार्च 2025 हिंदी न्यूज लाइव

आज की बड़ी खबरें 14 मार्च 2025 हिंदी न्यूज लाइव
14 मार्च 2025 दैनिक भास्कर में आज की ताजा बड़ी खबरें, दुनिया, देश, राजनीति, खेल, मनोरंजन, व्यापार, टेक्नोलॉजी, शिक्षा, जुर्म, जीवन शैली एवं राशिफल की हिंदी न्यूज पढ़ें

डिजिटल डेस्क, नई दिल्ली। देश दुनिया में आज क्या घटा खास। जानिए दिनभर की तमाम बड़ी खबरें

Live Updates

  • 14 March 2025 5:03 PM IST

    जापान को अमेरिकी सेना के लिए करना होगा ज्यादा भुगतान राजदूत पद के लिए नामित जॉर्ज ग्लास

    टोक्यो में अमेरिका के नामित राजदूत जॉर्ज ग्लास ने कहा कि वाशिंगटन को ‘निस्संदेह’ क्षेत्र में अमेरिकी सेना की तैनाती के लिए जापान पर अधिक धनराशिक के भुगतान के लिए दबाव डालना होगा। 2027 में होने वाले नवीनीकरण समझौते का जिक्र करते हुए, ग्लास ने यह भी कहा कि अमेरिका-जापान संबंध ‘अपने शिखर पर हैं।‘ उन्होंने कहा कि अगर उनकी नियुक्ति की पुष्टि होती है तो वे द्विपक्षीय संबंधों को और भी मजबूत बनाने की पूरी कोशिश करेंगे।

  • 14 March 2025 4:40 PM IST

    कर्नाटक के भाजपा प्रमुख ने सिद्दारमैया सरकार पर उठाए सवाल, तमिलनाडु के सीएम पर साधा निशाना

    कर्नाटक भाजपा के अध्यक्ष बीवाई विजयेंद्र ने तमिलनाडु सरकार और कर्नाटक के मुख्यमंत्री सिद्दारमैया पर गंभीर आरोप लगाए हैं। उन्होंने कहा कि तमिलनाडु सरकार, जो केंद्रीय सरकार के खिलाफ लंबे समय से विरोध कर रही है, अब अपने राज्य बजट में रुपये के प्रतीक को हटा रही है। विजयेंद्र ने इसे केंद्र सरकार के खिलाफ साजिश करार दिया। विजयेंद्र ने कहा, "तमिलनाडु की राजनीति सबको मालूम है। तमिलनाडु सरकार की नीति हमेशा से केंद्र सरकार के खिलाफ रही है, चाहे वह डेलिमिटेशन का मामला हो या फिर रुपये का प्रतीक हटाने का। केंद्रीय गृह मंत्री अमित शाह ने स्पष्ट किया है कि डेलिमिटेशन से न तो तमिलनाडु और न ही दक्षिणी राज्यों पर कोई प्रभाव पड़ेगा, सीटें बढ़ेंगी, घटेंगी नहीं। फिर भी तमिलनाडु के मुख्यमंत्री एमके स्टालिन इस मुद्दे को राजनीति में बदल रहे हैं।"

  • 14 March 2025 4:20 PM IST

    टेस्ला ने अपनी दो इलेक्ट्रिक कारों के लिए सर्टिफिकेशन की प्रक्रिया शुरू की

    एलन मस्क के नेतृत्व वाली ऑटो कंपनी टेस्ला ने भारत में अपनी दो इलेक्ट्रिक कारों के सर्टिफिकेशन और होमोलॉगेशन के लिए प्रक्रिया शुरू कर दी है, जो देश में बेचे जाने से पहले सभी वाहनों के लिए एक अनिवार्य प्रक्रिया है।

  • 14 March 2025 4:03 PM IST

    अक्षर करेंगे डीसी की कप्तानी

    क्रिकेट के सबसे बड़े लीग यानी आईपीएल के 18वें सीजन की शुरुआत में अब केवल कुछ ही दिन बचे हैं। टूर्नामेंट का आगाज 22 मार्च से होने वाला है। इस बीच आईपीएल 2025 से जुड़ी एक बड़ी खबर सामने आई है। दरअसल, दिल्ली कैपिटल्स ने अपने कप्तान के नाम से पर्दा हटा दिया है। उन्होंने शुक्रवार 14 मार्च को टीम के नाम का ऐलान किया।

    बता दें, अब तक टूर्नामेंट में हिस्सा ले रहे 10 टीमों में से 9 ने अपने कप्तान के नाम की घोषणा कर दी थी। लेकिन इकलौती डीसी एक ऐसी टीम थी जिसके कप्तान के नाम पर अब भी संशय बरकरार था। लेकिन शुक्रवार को उन्होंने सस्पेंस खत्म कर ऐलान किया कि इस सीजन में उनकी टीम की कमान भारतीय ऑलराउंडर अक्षर पटेल के हाथों में होगी। 

  • 14 March 2025 3:53 PM IST

    पश्चिम बंगाल नादिया में सड़क दुर्घटना में तीन बच्चों समेत पांच की मौत, आठ घायल

    श्चिम बंगाल के नादिया जिले के छपरा में शुक्रवार को एक भीषण सड़क दुर्घटना में तीन बच्चों समेत पांच लोगों की मौत हो गई और आठ अन्य गंभीर रूप से घायल हो गए। यह दुर्घटना उस समय हुई जब पूरा राज्य होली के त्योहार या "डोलयात्रा" के जश्न के माहौल में डूबा हुआ था। यह दुर्घटना तब हुई जब बैटरी से चलने वाले ई-रिक्शा का बड़ा वर्जन टोटो (जिसमें यात्री भरे हुए थे) तेज गति से आ रहे चार पहिया वाहन से टकरा गया।

  • 14 March 2025 3:44 PM IST

    सोना तस्करी मामला दूसरे आरोपी को 14 दिन की न्यायिक हिरासत में भेजा गया

    बेंगलुरु में आर्थिक अपराधों की विशेष अदालत ने एक्ट्रेस रान्या राव से कथित रूप से जुड़े सोना तस्करी मामले में दूसरे आरोपी तरुण राजू को शुक्रवार को 14 दिनों की न्यायिक हिरासत में भेज दिया। तरुण राजू की कस्टडी राजस्व खुफिया निदेशालय (डीआरआई) के पास थी। हिरासत की अवधि समाप्त होने के बाद न्यायाधीश विश्वनाथ सी. गौदर ने यह आदेश पारित किया। डीआरआई ने अदालत को बताया कि दूसरे आरोपी को अब न्यायिक हिरासत में भेजा जा सकता है।

  • 14 March 2025 2:43 PM IST

    झारखंड भाजपा कार्यालय में रंगों में सराबोर हो गए नेता-कार्यकर्ता

    रांची के हरमू रोड स्थित झारखंड प्रदेश भाजपा कार्यालय में शुक्रवार को होली मिलन समारोह में पार्टी के नेता-कार्यकर्ता रंगों में सराबोर हो गए। पार्टी के प्रदेश अध्यक्ष और विधायक दल के नेता बाबूलाल मरांडी की मौजूदगी में गीत-संगीत के बीच जमकर अबीर-गुलाल उड़े।

  • 14 March 2025 2:03 PM IST

    हरियाणा: CBI की बड़ी कार्रवाई

    हरियाणा: CBI ने रोहतक में आयकर अधिकारी को 50 हजार की रिश्वत लेते रंगे हाथों पकड़ा

  • 14 March 2025 1:32 PM IST

    बिल्डिंग में लगी भीषण आग

    गुजरात के राजकोट में बिल्डिंग में लगी भीषण आग, 3 लोगों की मौत, 30 फंसे

  • 14 March 2025 12:59 PM IST

    वनीला की खेती से किसान बन सकते हैं करोड़पति, रिसर्च में दावा

    परंपरागत खेती से कम मुनाफा होने के कारण अब किसान अधिक लाभकारी फसलों की ओर रुख कर रहे हैं। एक हालिया अध्ययन में दावा किया गया है कि वनीला की खेती किसानों को आर्थिक रूप से सशक्त बना सकती है। रिसर्च के अनुसार, वनीला की वैश्विक मांग लगातार बढ़ रही है और इसके फलों व बीजों की ऊंची कीमतों के कारण यह किसानों के लिए एक लाभदायक विकल्प बनता जा रहा है। वहीं स्वास्थ्य की दृष्टि से भी ये लाभकारी है।

Created On :   14 March 2025 8:00 AM IST

Tags

और पढ़ेंकम पढ़ें
Next Story