राजनीति: 'हम एनडीए के साथ हैं और आगे भी रहेंगे', नीतीश कुमार ने फिर दिया भरोसा

मधुबनी, 24 अप्रैल (आईएएनएस)। बिहार के मुख्यमंत्री नीतीश कुमार ने गुरुवार को प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी की मौजूदगी में एक बार फिर भरोसा दिया कि वह अब भाजपा को छोड़कर राजद के साथ नहीं जाएंगे। उन्होंने मधुबनी के झंझारपुर में पंचायती राज दिवस पर आयोजित कार्यक्रम को संबोधित करते हुए कहा कि उनकी पार्टी जनता दल (यूनाइटेड) 2005 में राजद के खिलाफ ही लड़ी थी और आगे भी मजबूती से लड़ती रहेगी।
पंचायती राज दिवस पर आयोजित इस कार्यक्रम में पीएम मोदी ने 13,480 करोड़ रुपए से अधिक की कई विकास परियोजनाओं का उद्घाटन और शिलान्यास किया। उन्होंने कई रेल परियोजनाओं की भी सौगात बिहारवासियों को दी।
इस मौके पर आयोजित रैली को संबोधित करते हुए बिहार के मुख्यमंत्री नीतीश कुमार ने कहा कि बीच में गड़बड़ी हो गई थी, लेकिन अब कभी भी महागठबंधन में या राष्ट्रीय जनता दल के प्रमुख लालू यादव और कांग्रेस की टीम के साथ नहीं जाएंगे।
उन्होंने कहा, "हमारी पार्टी वालों ने बीच में गड़बड़ कर दिया। अब हम लोग कभी उनके (महागठबंधन के) साथ नहीं जा सकते हैं क्योंकि सबने बहुत गड़बड़ किया है।"
पहलगाम में पर्यटकों पर हुए आतंकी हमलों पर दुख जताते हुए नीतीश कुमार ने कहा कि दो दिन पहले जम्मू-कश्मीर के पहलगाम में हुए आतंकवादी हमले में कई लोगों की हत्या हुई। यह घटना काफी दुखद और निंदनीय है। उन्होंने शोकाकुल परिवारों के प्रति संवेदना व्यक्त करते हुए कहा कि पूरा देश आतंक के खिलाफ एकजुट है।
मुख्यमंत्री ने कहा कि जब बिहार में राजद और उनके सहयोगियों की सरकार थी तो जनता की भलाई के लिए उन लोगों ने कुछ नहीं किया। 2005 के नवंबर-दिसंबर में एनडीए की सरकार बनी। उससे पहले के पंचायतों में बहुत बुरा हाल था। कहीं काम नहीं होता था। जब एनडीए की सरकार बनी तो 2006 में हमने पंचायती राज और 2007 में नगर निकाय के कानून में संशोधन किया गया। उन्होंने कहा, "हमने ग्राम पंचायत और नगर निकाय के चुनाव में महिलाओं के लिए 50 फीसदी आरक्षण किया। ये लोग कभी किसी महिला के लिए कोई काम किए थे? अब देखिए महिलाओं के लिए कितना काम हो रहा है। अब तक हम लोगों ने जो-जो किया, उसमें पंचायती और नगर निकाय के चार चुनाव हो चुके हैं।"
मुख्यमंत्री ने कहा कि बिहार के सभी पंचायतों में पंचायत भवन का निर्माण कराया जा रहा है। 16 हजार से अधिक पंचायती भवन बन चुके हैं, शेष का काम चल रहा है। इस साल चुनाव से पहले ये सारा काम हो जाएगा।
अस्वीकरण: यह न्यूज़ ऑटो फ़ीड्स द्वारा स्वतः प्रकाशित हुई खबर है। इस न्यूज़ में BhaskarHindi.com टीम के द्वारा किसी भी तरह का कोई बदलाव या परिवर्तन (एडिटिंग) नहीं किया गया है| इस न्यूज की एवं न्यूज में उपयोग में ली गई सामग्रियों की सम्पूर्ण जवाबदारी केवल और केवल न्यूज़ एजेंसी की है एवं इस न्यूज में दी गई जानकारी का उपयोग करने से पहले संबंधित क्षेत्र के विशेषज्ञों (वकील / इंजीनियर / ज्योतिष / वास्तुशास्त्री / डॉक्टर / न्यूज़ एजेंसी / अन्य विषय एक्सपर्ट) की सलाह जरूर लें। अतः संबंधित खबर एवं उपयोग में लिए गए टेक्स्ट मैटर, फोटो, विडियो एवं ऑडिओ को लेकर BhaskarHindi.com न्यूज पोर्टल की कोई भी जिम्मेदारी नहीं है|
Created On :   24 April 2025 2:35 PM IST