राष्ट्रीय: पीएम मोदी शुक्रवार को करेंगे श्रीलंका यात्रा, द्विपक्षीय संबंध होंगे मजबूत

नई दिल्ली, 4 अप्रैल (आईएएनएस)। प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी शुक्रवार, 4 अप्रैल को श्रीलंका की आधिकारिक यात्रा पर रवाना होंगे। यह यात्रा तीन दिन की होगी और 6 अप्रैल को समाप्त होगी। इस दौरे पर वह द्विपक्षीय संबंधों को और मजबूत करने के लिए श्रीलंका के राष्ट्रपति अनुरा कुमार दिसानायके के साथ विभिन्न मुद्दों पर चर्चा करेंगे।
पिछले वर्ष दिसंबर में श्रीलंका के राष्ट्रपति अनुरा कुमार दिसानायके भारत आए थे, जहां दोनों नेताओं के बीच कई अहम मुद्दों पर बातचीत हुई थी। अब इस यात्रा के दौरान दोनों नेता साझा भविष्य के लिए आपसी संबंधों की समीक्षा करेंगे और आगे की योजना तैयार करेंगे।
प्रधानमंत्री मोदी शुक्रवार शाम आठ बजे कोलंबो पहुंचेंगे। वह कोलंबो के ताज समुद्र होटल में रुकेंगे, जहां उनकी सुरक्षा के कड़े इंतजाम किए गए हैं। होटल को विशेष रूप से सजाया गया है और प्रधानमंत्री की मेजबानी की तैयारियां जोर-शोर से चल रही हैं।
पीएम मोदी 5 अप्रैल को श्रीलंका के ऐतिहासिक स्वतंत्रता स्मारक हॉल का दौरा करेंगे। यह स्मारक श्रीलंका को 4 फरवरी 1948 को ब्रिटिश शासन से मिली स्वतंत्रता की याद में बनाया गया था। यह कोलंबो के सिनामन गार्डन स्थित स्वतंत्रता स्क्वायर में स्थित है और इसमें स्वतंत्रता स्मारक संग्रहालय भी शामिल है।
श्रीलंका में इंडियन पीस कीपिंग फोर्स मेमोरियल की 32 महीने की तैनाती के दौरान 1,165 भारतीय सैनिकों ने अपने प्राण न्योछावर किए थे। इसके अलावा, इस संघर्ष में 5,000 से अधिक श्रीलंकाई नागरिकों की भी मृत्यु हुई थी।
श्रीलंका में प्रधानमंत्री मोदी की यात्रा को लेकर स्थानीय लोग काफी उत्साहित हैं। कोलंबो के निवासी रोहित रंजीत ने कहा, "यह भारत और श्रीलंका के बीच एक अच्छा कूटनीतिक कार्यक्रम है। दोनों देशों के बीच व्यापार, अर्थव्यवस्था और विकास को लेकर अच्छी साझेदारी बनेगी। श्रीलंका के राष्ट्रपति अनुरा कुमार दिसानायके और प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी दोनों ही मजबूत नेतृत्वकर्ता हैं और यह यात्रा द्विपक्षीय संबंधों को और मजबूत करेगी।"
वहीं, स्थानीय मछुआरे रवि ने प्रधानमंत्री मोदी के बारे में कहा, "वह बहुत अच्छे इंसान हैं, बहुत भद्र व्यक्ति हैं। श्रीलंका के लोग नरेंद्र मोदी को बहुत पसंद करते हैं।"
अस्वीकरण: यह न्यूज़ ऑटो फ़ीड्स द्वारा स्वतः प्रकाशित हुई खबर है। इस न्यूज़ में BhaskarHindi.com टीम के द्वारा किसी भी तरह का कोई बदलाव या परिवर्तन (एडिटिंग) नहीं किया गया है| इस न्यूज की एवं न्यूज में उपयोग में ली गई सामग्रियों की सम्पूर्ण जवाबदारी केवल और केवल न्यूज़ एजेंसी की है एवं इस न्यूज में दी गई जानकारी का उपयोग करने से पहले संबंधित क्षेत्र के विशेषज्ञों (वकील / इंजीनियर / ज्योतिष / वास्तुशास्त्री / डॉक्टर / न्यूज़ एजेंसी / अन्य विषय एक्सपर्ट) की सलाह जरूर लें। अतः संबंधित खबर एवं उपयोग में लिए गए टेक्स्ट मैटर, फोटो, विडियो एवं ऑडिओ को लेकर BhaskarHindi.com न्यूज पोर्टल की कोई भी जिम्मेदारी नहीं है|
Created On :   4 April 2025 12:42 AM IST