आज भारत रचेगा इतिहास! मून मिशन चंद्रयान-3 के जरिए चांद को करीब से देखेगी दुनिया!

- आज चांद को करीब से देख सकेगा भारत!
- शाम 6 बजे चांद पर लैंड होगा मॉड्यूल विक्रम
डिजिटल डेस्क, नई दिल्ली। भारत का मून मिशन चंद्रयान-3 बुधवार शाम को चंद्रमा के दक्षिणी ध्रुव पर लैंडिंग करके इतिहास रचने वाला है। सभी देशवासियों के लिए यह गौरव का पल होगा और वे इस ऐतिहासिक घटना का गवाह बनने के लिए शाम के 6 बजने का इंतजार कर रहे हैं। इसरो के साइंटिस्ट भी पुरानी गलतियों से सीख लेते हुए चंद्रयान-3 को चंद्रमा की सतह पर सॉफ्ट लैंडिंग कराने के लिए तैयार है। सभी को अब इंतजार है शाम के 6 बजने का। देशभर के लोगों की निगाह अब चंद्रयान के सॉफ्ट लैंडिंग पर टिकी हुई है।
चंद्रयान-3 का लैंडिंग मॉड्यूल विक्रम बुधवार को शाम 6 बजे चंद्रमा पर सॉफ्ट लैंडिंग करने में कामयाब रहता है तो अमेरिका, रूस और चीन के बाद भारत ऐसा करने वाला दुनिया का चौथा देश बन जाएगा। साथ ही, भारत चंद्रमा की दक्षिणी ध्रुव की सतह पर यान को लैंड करने वाला दुनिया का पहला देश बन जाएगा। अभी तक चंद्रमा के दक्षिणी ध्रुव पर किसी भी देश ने अपने मून मिशन को अंजाम नहीं दिया है। अगर कल इसरो ऐसा करने में सफल होता है तो भारत ऐसा करने वाला पहला देश बन जाएगा।
सॉफ्ट लैंडिंग के पहले 15 मिनट काफी अहम
गौरतलब है कि आज से करीब चार साल पहले यानी 2019 में इसरो ने चंद्रयान-2 को लॉन्च किया था। उस समय चंद्रयान-2 चंद्रमा की सतह पर लैंडिंग के आखिरी 15 मिनट में ही क्रैश हो गया था। ऐसे में इस बार भी आखिरी 15 मिनट चंद्रयान-3 के लिए काफी अहम माना जा रहा है। अगर चंद्रयान-3 इस बार इसरो के साथ संपर्क बनाए रहने में कामयाब रहता है तो विज्ञान की दुनिया में भारत की गूंज दशकों तक सुनाई देगी।
चांद को करीब से देखेगी दुनिया!
बता दें कि 14 जुलाई को चंद्रयान-3 को दोपहर 2 बजकर 35 मिनट पर सतीश धवन अंतरिक्ष केंद्र, शार से एलवीएम-3 से सफलतापूर्वक लॉन्च किया गया था। अब इंतजार सॉफ्ट लैंडिंग का है। जब पूरी दुनिया चांद को करीब से देख पाएगी।
Created On :   23 Aug 2023 12:18 AM IST