Tahawwur Rana Extradition: 26/11 मुंबई हमले का मास्टरमाइंट लाया गया दिल्ली, प्रत्यर्पण पर नेताओं की प्रतिक्रियाएं, RJD सांसद बोले अब आर्थिक अपराधियों की बारी

26/11 मुंबई हमले का मास्टरमाइंट लाया गया दिल्ली, प्रत्यर्पण पर नेताओं की प्रतिक्रियाएं,  RJD सांसद बोले अब आर्थिक अपराधियों की बारी
  • तहव्वुर राणा लाया गया भारत
  • अमेरिका से लेकर आई NIA की टीम
  • अदालत में होगा पेश

डिजिटल डेस्क, नई दिल्ली। 26/11 मुंबई आतंकी हमले का मास्टरमाइंड तहव्वुर हुसैन राणा को गुरुवार (10 अफ्रैल) को भारत लाया गया है। एनआईए (NIA) की 7 सदस्यीय टीम लेकर तहव्वुर को अमेरिका से स्पेशल विमान से लाई है। वह दिल्ली पहुंच गया है। अब तहव्वुर राणा का मेडिकल चेकअप कराया जाएगा और फिर एनआईए उसे अदालत में पेश करेगी। प्रत्यर्पण पर कई नेताओं की प्रतिक्रियाएं सामने आई है। केंद्रीय मंत्री नित्यानंद राय ने कहा कि देशद्रोहियों का सफाया होगा। वहीं, आरजेडी सांसद मनोज कुमार झा का कहना है कि आर्थिक अपराध कर के जो लोग भागे हैं उनपर भी एक्शन लिया जाना चाहिए।

'सभी का होगा सफाया'

केंद्रीय मंत्री नित्यानंद राय ने कहा कि तहव्वुर राणा को भारत लाया जा रहा है। अब हमारे देश पर बुरी नजर रखने वाले देशद्रोहियों का कल्याण नहीं है, इन सभी लोगों का सफाया होगा।

मनोज तिवारी की प्रतिक्रिया

भाजपा सांसद मनोज तिवारी ने कहा कि नरेंद्र मोदी सरकार का पहला निश्चय है कि हम अपराध के खिलाफ जीरो टॉलरेंस रखेंगे। अपराधी अपराध करके पाताल में भी चला जाए तो उसे ढूंढने का पूरा प्रयास होगा। मुंबई हमले का मास्टर माइंड तहव्वुर राणा के प्रत्यर्पण के लगातार प्रयास हो रहे थे। 2014 के पहले की सरकार ऐसे लोगों को बचाना चाहती थी। आज प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के प्रयासों से तहव्वुर राणा का प्रत्यर्पण हो रहा है और उसके किए की सजा इस देश की अदालत में तय होगी।

तरुण चुघ ने क्या कहा?

भाजपा नेता तरुण चुघ ने कहा कि यह एक स्वागत योग्य कदम है। यह भारत और भारत की सोच की जीत है। भारत के नागरिकों पर हमला करने वाले लोग विश्व के किसी भी कोने में छिप जाएं, उन्हें पकड़ कर लाया जाएगा और कानून संगत सजा भी दी जाएगी। यह प्रधानमंत्री मोदी का नया भारत है।

आरजेडी सांसद का बयान

RJD सांसद मनोज कुमार झा ने कहा कि यह स्वागत योग्य है। देश उस बर्बर हिंसा को भूला नहीं है। अब आर्थिक अपराध करके जो भागे हैं उनकी बारी होनी चाहिए। उनमें भी ढील नहीं होनी चाहिए।

Created On :   10 April 2025 4:18 PM IST

Tags

और पढ़ेंकम पढ़ें
Next Story