मुख्यमंत्री जगनमोहन रेड्डी की पार्टी YSRCP और तेलगू देशम पार्टी के समर्थकों के बीच हिंसक झड़प, धारा 144 लागू

- आपराधिक इतिहास वाले लोगों ने प्रदर्शन में भाग लिया
डिजिटल डेस्क, नई दिल्ली। आंध्र प्रदेश में मुख्यमंत्री जगनमोहन रेड्डी की पार्टी YSRCP और तेलगू देशम पार्टी कार्यकर्ताओं के बीच हिंसक झड़प हुई है। दोनों पार्टी के कार्यकर्ताओं ने जमकर पथराव, तोड़फोड़ और आगजनी की। ये झड़प पलनाडु जिले के माचरेला क्षेत्र में देर रात 16 दिसंबर को हुई। समर्थकों ने कई वाहनों को आग के हवाले कर दिया। हिंसा में कई लोग घायल हो गए। हिसंक झड़प और बवाल को बढ़ता देखते हुए स्थानीय प्रशासन ने धारा 144 लगा दी। पुलिस ने कुछ लोगों पर कार्रवाई करते हुए तलाशी अभियान भी चलाया है। पुलिस अब स्थिति कंट्रोल में होने की बात कह रही है।
राज्य में रेड्डी सरकार के खिलाफ तेलगू देशम पार्टी प्रदेश में जन आंदोलन चला रही है। टीडीपी का ये आंदोलन शुक्रवार देर रात माचरेला में हो रहा था। आंदोलन के बीच में YSRCP के कार्यकर्ता भी पहुंचे। जिसके बाद दोनों दलों के कार्यकर्ताओं के बीच कहासुनी शुरु हुई बाद में यह हिंसक झड़प में बदल गई।
पुलिस ने जानकारी देते हुए बताया कि हिंसक झड़प में बदमाश लोगों ने हिस्सा लिया, और जानबूझकर पत्थरों से हमला किया। पुलिस ने टीडीपी नेता जुलाकांति ब्रह्म रेड्डी को अरेस्ट कर लिया है । पुलिस अधिकारी ने कहा कि दोनों दलों के समर्थकों के बीच ऐसे हमले करीब दो तीन दशक से जारी है।
Created On :   17 Dec 2022 9:03 AM IST