झारखंड चुनाव: एग्जिट पोल में बीजेपी को झटका, कांग्रेस गठबंधन को मिल सकता है बहुमत

डिजिटल डेस्क, नई दिल्ली। झारखंड विधानसभा चुनाव के पांचवें और आखिरी चरण की वोटिंग के बाद शुक्रवार को एग्जिट पोल जारी किए गए। एग्जिट पोल में बीजेपी को झटका लगता दिखाई दे रहा है। एग्जिट पोल के नंबरों से यह अनुमान लगाया जा रहा है कि भारतीय राष्ट्रीय कांग्रेस (आईएनसी), झारखंड मुक्ति मोर्चा (जेएमएम) और राष्ट्रीय जनता दल (राजद) का चुनाव पूर्व-गठबंधन बहुमत हासिल कर सकता है। 81 सीटों वाली विधानसभा में बहुमत हासिल करने के लिए 41 का आंकड़ा जरूरी है।
इंडिया टुडे-एक्सिस माई इंडिया के एग्जिट पोल में कांग्रेस गठबंधन को 38-50 जबकि बीजेपी को 22-32 सीटें मिलने का अनुमान एग्जिट पोल में जताया गया है। जेवीएम को 2 से 4 सीटें, आजसू को 3 से 5 और अन्य को 4 से 7 सीटें मिल सकती है। वोटिंग प्रतिशत की बात की जाए तो बीजेपी को 34 फीसदी, जेएमएम को 37 फीसदी, जेवीएम को 06 फीसदी और आजसू को 09 फीसदी वोट मिल सकते हैं।
सी-वोटर का अनुमान है कि कांग्रेस गठबंधन 31-39 सीटें हासिल करेगा, जबकि भाजपा को 28-36 सीटें मिल सकती है। AJSU को 3-7 सीटें और JVM को 1-5 सीटें मिलने का अनुमान लगाया जा रहा है। वोटिंग प्रतिशत की बात की जाए तो कांग्रेस गठबंधन को 37 प्रतिशत और बीजेपी को 34 प्रतिशत वोट मिलने का अनुमान लगाया जा रहा है। जेवीएम को सात प्रतिशत और अन्य को 14 प्रतिशत वोट मिल सकते हैं।
कशिश न्यूज के एग्जिट पोल में भी कांग्रेस गठबंधन को 37-49 जबकि बीजेपी को 25-30 सीटें मिलने का अनुमान एग्जिट पोल में जताया गया है। आजसू को 2 से 4 और अन्य को 2 से 4 सीटें मिल सकती है। 2014 के झारखंड राज्य विधानसभा चुनावों में बीजेपी ने 37 सीटें जीतीं थी और उसके सहयोगी दल AJSU ने 5 सीटें हासिल की थी। JVM (P) ने 8 सीटें जीती (जिनमें से 6 विधायक बाद में बीजेपी में शामिल हो गए)। जेएमएम ने 19 सीटें जीती थीं और कांग्रेस 6 पर विजयी रही थी।
बता दें कि झारखंड की 81 विधानसभा सीटों के लिए पांच चरणों में मतदान हुआ। पहले चरण का मतदान जहां 30 नवंबर को, दूसरे चरण का सात दिसंबर, तीसरे चरण का मतदान 12 दिसंबर को और चौथे चरण का मतदान 16 दिसंबर को संपन्न हुआ है। शुक्रवार को पांचवें और अंतिम चरण में 16 विधानसभा क्षेत्रों के लिए मतदान हुआ। इस चरण में 70.83 प्रतिशत मतदान दर्ज किया गया है। चुनाव के नतीजे 23 दिसंबर को घोषित किए जाएंगे।
Created On :   20 Dec 2019 9:13 PM IST