शीतलहर से कांप रहे दिल्ली और पंजाब सहित कई राज्य, पहाड़ी क्षेत्रों में भी बर्फबारी ने बढ़ाई परेशानी

- आने वाले दो दिनों तक शीतलहर बढ़ने की संभावना
- राजधानी में न्यूनतम तापमान 3.2 डिग्री दर्ज
डिजिटल डेस्क,नई दिल्ली। देश के कई राज्यों में ठंड ने अपना रिकॉर्ड तोड़ दिया है। पूरा उत्तर भारत शीतलहर की प्रकोप में है तो पहाड़ी राज्यों में जमकर बर्फबारी हो रही है। दिल्ली-यूपी-पंजाब-राजस्थान-बिहार-झारखंड सहित कई राज्यों में सर्द हवाओं की वजह से हाड कंपा देने वाली ठंड पड़ रही है। भारतीय मौसम विभाग की माने तो, आने वाले दो दिनों तक शीतलहर बढ़ने की संभावना है। उसके बाद तापमान में वृद्धि हो सकती है।
राजधानी दिल्ली का हाल
दिल्ली में ठंड के सारे रिकॉर्ड टूट चुके है। आज राजधानी में न्यूनतम तापमान 3.2 डिग्री सेल्सियस और अधिकतम तापमान 21 डिग्री सेल्सियस दर्ज किया गया है। मौसम विभाग के अनुसार, दिल्ली में सोमवार की रात सबसे सर्द रात रही।
राजस्थान का हाल
राजस्थान में इस बार कश्मीर जैसा मौसम है। बर्फ ने पूरे राजस्थान में ठंड का प्रकोप बढ़ा दिया है। कई राज्यों में पारा शून्य से नीचे चला गया है। फतेहपुर शेखावटी में पहली बार पारा माइनस 5.2 डिग्री तक लुढ़क चुका है। इस वजह से पानी पूरी तरह से जमकर बर्फ बन गया है, जिन खेतों में हरियाली थी आज उन्हीं खेतों में बर्फ की सफेद चादर जमी हुई है। मौसम वैज्ञानिकों की मानें तो आने वाले दिनों में ठंड के और भी नए रिकॉर्ड बन सकते है।
पंजाब-हरियाणा का हाल
पंजाब-हरियाणा और यूपी समेत उत्तर भारत के कई राज्यों में शीतलहर ने ठिठुरन बढ़ा दी है। पहाड़ी राज्यों से बर्फीली हवाएं उत्तर भारत में प्रवेश कर रही है। स्काईमेट वेदर की मानें तो, पश्चिमी हिमाचल क्षेत्र की तरफ एक पश्चिमी विक्षोभ सक्रिय हो रहा है, जिसकी वजह से राजधानी समेत आस-पास के सभी राज्यों में ठंड से हाल-बेहाल रहेगी। वहीं दिल्ली में 26 और 27 दिसंबर को बारिश के भी आसार बन रहे है।
मध्यप्रदेश का हाल
भोपाल का न्यूनतम तापमान 3.4 डिग्री तक जा चुका है। वहीं कल रात का तापमान 5.8 डिग्री दर्ज किया गया। होशंगाबाद का पारा 0.5 डिग्री और रायसेन का 2.5 डिग्री तक लुढ़क चुका है।
पहाड़ी राज्यों का हाल
पहाड़ी राज्यों में बर्फ ने लोगों की परेशानियां बढ़ा दी है। लद्दाख में नदी जम चुकी है और उसकी ऊपरी सतह चांदी की तरह चमक रही है, जिसका मतलब है कि, कड़ाके की सर्दी ने जीना बेहाल कर दिया है। पीने के पानी को लेकर काफी दिक्कत हो रही है। वहीं जम्मू में पिछले 23 साल का रिकॉर्ड टूट चुका है। कोहरे और ठंड से रेल से लेकर सड़क यातायात सब कुछ प्रभावित कर दिया है।
Created On :   21 Dec 2021 11:54 AM IST