RIP: भारत के लिए पहला ऑस्कर जीतने वालीं कॉस्ट्यूम डिजाइनर भानु अथैया का 91 की उम्र में निधन

- 15 मिनट में भानु को किया था फाइनल
- 2012 में लौटा दिया था ऑस्कर
- 8 साल पहले हुआ था ट्यूमर
डिजिटल डेस्क, नई दिल्ली। भारतीय कॉस्ट्यूम डिजाइनर भानु अथैया का गुरुवार को 91 वर्ष की उम्र में निधन हो गया। अथैया ने भारत के लिए पहला अकादमी और ऑस्कर अवॉर्ड जीता था। 91 साल की उम्र में भानु ने मुंबई स्थित अपने घर में आखिरी सांस ली। भानु के निधन की जानकारी उनकी बेटी ने दी है। भानु पिछले लंबे वक्त से बिमारी से जूझ रही थीं। भानु के निधन पर सितारों के साथ ही साथ फैंस भी सोशल मीडिया पर शोक जाहिर कर रहे हैं। भानु ने कॉस्टयूम डिजाइनर के तौर पर 100 से ज्यादा बॉलीवुड फिल्मों में काम किया था। भानु का अंतिम संस्कार साउथ मुंबई के चंदनवाड़ी श्मशान घाट में हुआ।
8 साल पहले उन्हें ब्रेन ट्यूमर डाइग्नोस हुआ था। पिछले 3 साल से वे बिस्तर पर ही थीं। भानु के शरीर का एक हिस्सा पैरालाइज हो गया था। भानु का जन्म 29 अप्रैल 1929 को कोल्हापुर में हुआ था और उन्हें कॅरियर का पहला काम गुरु दत्त के साथ 1956 में सीआईडी फिल्म के जरिए मिला था। जबकि आखिरी बार आमिर की फिल्म लगान और शाहरुख की फिल्म स्वदेस के लिए कॉस्ट्यूम डिजाइन किए थे।
1983 में "गांधी" के लिए ऑस्कर में बेस्ट कॉस्ट्यूम डिजाइनर अवॉर्ड से नवाजा गया
बता दें कि भानु ने कई सारी फिल्मों में कॉस्ट्यूम डिजाइनिंग कर अपने लिए एक बड़ा मुकाम बनाया था। वहीं भानु को असली पहचान फिल्म गांधी से मिली। दरअसल 1983 में भानु अथैया को निर्देशक रिचर्ड एटनबरो की "गांधी" के लिए ऑस्कर में बेस्ट कॉस्ट्यूम डिजाइनर अवॉर्ड से नवाजा गया था। भानु ने अपने करियर में गुरु दत्त, राज कपूर, यश चोपड़ा और आशुतोष गोवारिकर सहित कई दिग्गज निर्देशकों के साथ काम किया।
2012 में लौटा दिया था ऑस्कर
रिचर्ड एटनबरो की फिल्म गांधी के लिए जॉन मोलो के साथ संयुक्त रूप से ऑस्कर मिला था, लेकिन 2012 में भानु ने यह अवॉर्ड एकेडमी ऑफ मोशन पिक्चर आर्ट्स एंड साइंस को वापस कर दिया था। इसके पीछे वजह उसकी सुरक्षा थी। 5 दशक के अपने फिल्मी कॅरियर में भानु ने दो नेशनल अवॉर्ड्स भी जीते थे। पहला गुलजार की फिल्म, लेकिन के लिए 1990 में और दूसरा लगान के लिए 2001 में।
15 मिनट में भानु को किया था फाइनल
रिचर्ड ने एक इंटरव्यू में कहा था- मुझे अपनी ड्रीम फिल्म गांधी बनाने में 17 साल लग गए थे, लेकिन महज 15 मिनट में मेरे दिमाग ने यह फाइनल कर लिया था कि फिल्म में कॉस्ट्यूम डिजाइनिंग भानु ही करेंगी। 55वें ऑस्कर अवॉर्ड 11 अप्रैल 1983 को ऑर्गनाइज हुए थे। भानु के ऑस्कर जीतने के करीब 26 साल बाद भारत की झोली में दूसरा ऑस्कर म्यूजिक डायरेक्टर एआर रहमान लेकर आए।
Created On :   15 Oct 2020 8:33 PM IST