Gangster Aman Sahu Encounter: गैंगस्टर अमन साहू का पुलिस एनकाउंटर में हुआ ढेर, भागने की कोशिश करने पर पुलिस को उठाना पड़ा ये कदम

गैंगस्टर अमन साहू का पुलिस एनकाउंटर में हुआ ढेर, भागने की कोशिश करने पर पुलिस को उठाना पड़ा ये कदम
  • गैंगस्टर अमन साहू का हुआ एनकाउंटर
  • रायपुर से पुलिस ले जा रही थी रांची
  • पलामू में हुआ हादसा

डिजिटल डेस्क, नई दिल्ली। झारखंड के गैंगस्टर अमन साहू का एनकाउंटर कर दिया गया है। मिली जानकारी के मुताबिक, रायपुर से रांची ले जाने के दौरान वो भागने की कोशिश कर रहा था, इसलिए ही उसका एनकाउंटर किया गया है।

पूछताछ के लिए ले जाया जा रहा था रांची

मिली जानकारी के मुताबिक, पलामू जिले के चैनपुर के अंधारी ढोडा के पास झारखंड के सबसे बड़े गैंगस्टर अमन साहू को गोली मार दी गई है। अमन साहू बीते तीन महीने से ही रायपुर की जेल में बंद था। बता दें, रांची के बरियातू में कोयला कारोबारी पर हमले और हजारीबाग में एनटीपीसी डीजीएम के मर्डर मामले में पूछताछ करने के लिए अमन साहू को रांची ले जाया जा रहा था।

क्यों करना पड़ा एनकाउंटर?

रिपोर्ट्स के मुताबिक, रायपुर से रांची ले जाते समय पुलिस की गाड़ी का एक्सीडेंट पलामू के चैनपुर इलाके में हुआ था। जिसके बाद ही अमन साहू ने पुलिस का हथियार छीन लिया और भागने की कोशिश करने लगा। पुलिस ने जब उसको रोकने की कोशिश की तो उसने पुलिस पर फायरिंग शुरू कर दी थी। पुलिस की टीम ने भी जवाब में फायरिंग की थी और अमन साहू को गोली लग गई थी। जिसके बाद तुरंत उसकी मौत हो गई थी। हालांकि, अभी आधिकारिक तौर पर इसकी पुष्टि नहीं की गई है। बता दें, फायरिंग के दौरान एक पुलिस जवान को भी गोलियां लगने की खबर भी सामने आई है।

अमन गिरोह ने किया था पुलिस गाड़ी पर हमला

मिली जानकारी के मुताबिक, अमन साहू के समूह के लोगों ने ही चैनपुर और रामगढ़ थाने के बीच अन्धारी ढोडा में पुलिस की गाड़ी पर बम से हमला किया था। जिसकी वजह से पुलिस का वाहन दुर्घटनाग्रस्त हो गया था और अमन साहू पुलिस का हथियार छीनकर भागने की कोशिश करने लगा था। लेकिन वो अपने प्रयास में सफल नहीं हो पाया और एनकाउंटर में अपनी जान गंवा दी। आपको बता दें, अमन साहू के खिलाफ झारखंड के अलग-अलग थाना क्षेत्रों में दर्जनों आपराधिक मामले दर्ज हैं।

Created On :   11 March 2025 11:14 AM IST

Tags

और पढ़ेंकम पढ़ें
Next Story