डंकी रूट: बिना वीजा के भी अमेरिका में ऐसे चले जाते हैं दूसरे देशों के लोग, जानें क्या है वो डंकी रूट जिसकी मदद से हो पा रहा है ऐसा?

बिना वीजा के भी अमेरिका में ऐसे चले जाते हैं दूसरे देशों के लोग, जानें क्या है वो डंकी रूट जिसकी मदद से हो पा रहा है ऐसा?
  • डंकी रूट बिल्कुल नहीं होता है सेफ
  • डंकी रूट में करना होता है मुश्किलों का सामना
  • देश के बॉर्डर्स को करना होता है पार

डिजिटल डेस्क, नई दिल्ली। अमेरिका में एक बार फिर से डोनाल्ड ट्रंप की सरकार बन गई है। सरकार बनते ही कई लोगों और जगहों पर हड़कंप मच गया है। इसमें से सबसे ज्यादा वही लोग हैं जो बिना किसी लीगल डॉक्यूमेंट्स के साथ अमेरिका में रह रहे हैं। ट्रंप सरकार की तरफ से ऐसे लोगों के खिलाफ काफी ज्यादा सख्त कार्रवाई हो रही है। साथ ही उनको गिरफ्तार करके अपने देश वापस भेजा जा रहा है। भारत में भी कई सारे ऐसे लोग हैं जो वापस भेजे जाएंगे, जिनको पहले भी कई बार गिरफ्तार किया गया है। ऐसे ही कई सारे लोग भी अमेरिका में डंकी रूट से पहुंचते हैं। चलिए डंकी रूट के बारे में जानते हैं कि कैसे लोग बिना वीजा और लीगल डॉक्यूमेंट के पहुंच जाते हैं।

क्या होता है डंकी रूट?

डंकी रूट एक ऐसा रूट है जो कई सारे देशों से होकर गुजरता है। इसको लोग विदेश जाने के लिए उपयोग करते हैं। पंजाब में डंकी का मतलब होता है कि एक जगह से दूसरी जगह पर उछलकर चले जाना। इसलिए ही भारत से विदेश जाने के लिए रूट को डंकी रूट कहा जाता है। पहले इस रूट का उपयोग करने के लिए अपराधी देश छोड़कर भागने के लिए करते थे, लेकिन फिर विदेश जाने का सपना देखने वाले लोग भी ऐसा करने लगे और इस रूट की मदद से अपने पसंदीदा देश जाने के लिए दाखिल होने लगे।

हर समय मंडराता है खतरा

डंकी रूट बिल्कुल भी सेफ नहीं होता है, जिसमें हर कदम पर खतरे होते हैं और कई सारे लोग अपनी जान भी गंवा देते हैं। ये रूट बहुत ज्यादा डेंजर इसलिए होता है, क्योंकि इसमें कई सारे देशों की सीमाओं को पार करना होता है। ऐसे में कई बार सीमा पर तैनात जवान अवैध तरीके से घुसपैठ करने वाले लोगों को गोली भी मार देते हैं। वहीं कुछ मामलों में लोग भीषण ठंड या फिर भूख से भी अपनी जान गंवा देते हैं।

लोगों को विदेश ले जाने का चल रहा है बड़ा रैकेट

डंकी रूट से लोगों को विदेश पहुंचाने का एक बहुत ही बड़ा रैकेट चल रहा है। कई ट्रैवल एजेंसियां और एजेंट्स इस काम में लगे हुए हैं और विदेश पहुंचाने के लिए लोगों से लाखों रुपये लेते हैं। कई लोगों ने तो डंकी रूट से अमेरिका पहुंचने के लिए एक-एक करोड़ रुपये तक दिए हैं। एजेंट्स मैक्सिको या फिर कनाडा की सीमा से होते हुए लोगों को अमेरिका में दाखिल करवा देते हैं। इससे पहले पाकिस्तान और बाकी देशों से होते हुए लोग अमेरिका के पास स्थित देशों तक पहुंचते हैं।

कैसे बीतता है इनका जीवन?

जो लोग अपनी जान दांव पर लगाकर डंकी रूट से अमेरिका के अलावा जिस भी देश में दाखिल होते हैं, वो वहां किसी ऐसी जगह पर रहते हैं पुलिस का आना और जाना बिल्कुल कम होता है। साथ ही ऐसी नौकरी करते हैं, जिसमें उनको किसी भी तरह के डॉक्यूमेंट ना मांगे जाएं। ये लोग ऐसी जगहों पर जाने से भी बचते हैं, जहां पुलिस या फिर अधिकारियों की नजरें उन पर पड़ें। ऐसे लोगों को पकड़ने के लिए तमाम देशों की पुलिस रेड करती है, जिसमें कई लोग पकड़े जाते हैं। पकड़े जाने के बाद उन्हें डिटेंशन कैंप में भेज दिया जाता है और फिर डिपोर्टेशन की प्रक्रिया शुरू की जाती है। मिली जानकारी के मुताबिक, अमेरिका में ऐसे लोगों की संख्या 1 करोड़ 10 लाख से ज्यादा बताई जाती है।

Created On :   6 Feb 2025 6:02 PM IST

Tags

और पढ़ेंकम पढ़ें
Next Story