औरंगजेब कब्र विवाद: नागपुर में भड़की हिंसा, दो पक्षों में हुआ जमकर पथराव, वाहनों में हुई तोड़फोड़, हुआ पथराव

नागपुर में भड़की हिंसा, दो पक्षों में हुआ जमकर पथराव, वाहनों में हुई तोड़फोड़, हुआ पथराव
  • नागपुर में भड़की हिंसा
  • विश्व हिंदू परिषद ने फूंका औरंगजेब का पुतला
  • दोनों पक्षों में जमकर हुआ पथराव

डिजिटल डेस्क, नई दिल्ली। महाराष्ट्र में हो रहे औरंगजेब कब्र विवाद ने सोमवार रात को हिंसा का रुप ले लिया। नागपुर के महल इलाके में दो पक्षों में हिंसा हो गई। बताया जा रहा है कि विश्व हिंदू परिषद ने औरंगजेब का पुतला फूंका था, इसके बाद हिंसा भड़क गई। अधिकारियों के मुताबिक अफवाह फैली थी कि प्रदर्शनकारियों ने पुतले के साथ धार्मिक पुस्तकें भी जलाई, जिसके बाद दोनों पक्षों ने पथराव किया। इस दौरान कई गाड़ियों पर पथराव किया, उन्हें आग के हवाले कर दिया।

सूचना मिलने पर पुलिस मौके पर पहुंची और लोगों को रोकने के लिए आंसू गैस का उपयोग किया। इस दौरान कुछ लोगों ने डीसीपी निकेतन कदम पर कुल्हाड़ी से हमला किया। इस हिंसा में कई लोग घायल हुए हैं। पुलिस ने 55 से ज्यादा लोगों को हिरासत में ले लिया है।

वहीं सीएम देवेंद्र फड़णवीस ने लोगों से प्रशासन का पूरा सहयोग करने की अपील की है। उन्होंने कहा, 'हम लगातार पुलिस-प्रशासन के संपर्क में हैं। नागपुर एक शांतिपूर्ण शहर है। किसी भी अफवाह पर विश्वास न करें।'

रणनीति के तहत किया हमला - डिप्टी सीएम शिंदे

हिंसा पर डिप्टी सीएम एकनाथ शिंदे ने कहा कि प्लानिंग के साथ हमला किया गया है। पुलिस पार्टी पर पत्थर फेंके गए हैं। ऐसा करने वालों को बख्शा नहीं जाएगा। औरंगजेब देश का दुश्मन है। उसके समर्थकों के खिलाफ सख्त एक्शन लिया जाएगा। वहीं नागपुर डीसीपी अर्चित चांडक ने कहा कि घटना गलतफहमी के चलते हुई। उन्होंने लोगों से अपील की है कि वो अपने घरों से बाहर न निकलें। पत्थरबाजी न करें। कुछ पुलिस कर्मी घायल हुए हैं। मेरे पैर में भी हल्की चोट आई। मीडिया रिपोर्ट्स के मुताबिक शांति व्यवस्था बहाल करने के लिए पुलिस की 20 टीमें बनाई गई हैं। इधर, छत्रपति संभाजी नगर में एहतियातन औरंगजेब की कब्र पर सुरक्षा बढ़ा दी गई है।

पुलिस अधिकारियों ने बताया कि हिंसा शहर के चिटनिस पार्क और महल इलाके में हुई। शुरुआती जानकारी के मुताबिक चिटनिस पार्क से शुक्रवारी तलाव रोड बेल्ट हिंसा से सबसे अधिक प्रभावित थी, जहां दंगाइयों ने कुछ चार पहिया वाहनों को आग के हवाले कर दिया। घरों पर पत्थर भी फेंके गए। पुलिस ने हजारों की संख्या में मौजूद भीड़ को तितर-बितर करने का प्रयास किया।

Created On :   18 March 2025 12:24 AM IST

Tags

और पढ़ेंकम पढ़ें
Next Story