बच्चों के झगड़े में जला उदयपुर: अक्रोशित भीड़ ने वाहन फूंके, मॉल में घुसकर तोड़फोड़ की, पुलिस ने किया लाठीचार्ज, धारा 144 लागू

- उदयपुर में दो स्कूली छात्रों के बीच हुआ विवाद
- एक छात्र ने दूसरे पर किया चाकू से हमला
- अलग-अलग धर्म के थे दोनों छात्र
डिजिटल डेस्क, भोपाल। राजस्थान का उदयपुर दो स्कूली बच्चों के झगड़ों में सुलग उठा है। लोगों की भीड़ ने शॉपिंग मॉल में तोड़फोड़ की और पथराव किया। चार पहिया वाहनों को आग के हवाले कर दिया। इसके बाद प्रदर्शन कर रहे लोगों पर पुलिस ने लाठीचार्ज करके खदेड़ दिया। कलेक्टर ने शहर में धारा 144 लगा दी।
प्रशासन द्वारा लोगों को समझाने के बावजूद भी शाम को एक बार दो पक्षों के बीच पथराव हो गया। इसके बाद पुलिस ने लाठीचार्ज कर वहां मौजूद सभी लोगों को खदेड़ दिया। जानकारी के मुताबिक शहर में अभी भी माहौल तनाव पूर्ण बने हुए हैं। हालांकि किसी तरह की कोई अप्रिय घटना अभी तक नहीं हुई है।
क्या है पूरा मामला?
घटना शहर के सूरजपोल थाना क्षेत्र की है। यहां के राजकीय उच्च माध्यमिक स्कूल भटि्टयानी चौहट्टा में सुबह 10:30 बजे एक स्टूडेंट ने दूसरे स्टूडेंट पर चाकू से हमला कर दिया। इस हमले में एक छात्र बुरी तरह घायल हो गया। इसके बाद आरोपी छात्र फरार हो गया। स्कूल के टीचर घायल छात्र को महाराणा भूपाल (एमबी) हॉस्पिटल लेकर पहुंचे, जहां उसका इलाज चल रहा है।
दोनों ही स्टूडेंट अलग-अलग धर्म के थे। घटना की जानकारी मिलते ही हिंदू पक्ष ने शहर के कई इलाकों में दुकानें बंद करवा दीं। जिसके बाद दूसरे समुदाय के लोग भी आक्रोशित हो गए और हिंसक घटनाएं हुईं। उदयपुर कलेक्टर ने बताया कि आरोपी नाबालिग को हिरासत में ले लिया गया है। इसके साथ ही उसकी पिता की गिरफ्तारी भी हो गई है। ऐहतियात के तौर पर पुलिस बल तैनात किया गया है।
जानकारी के मुताबिक दोनों छात्रों की उम्र 15 साल है और वह एक कक्षा में पढ़ते हैं। दोनों के बीच विवाद की वजह क्या है इसके बारे में अभी जानकारी हासिल नहीं हुई है। लंच के समय दोनों के बीच झगड़ा हुआ था। जिसमें एक छात्र ने चाकू से दूसरे छात्र की जांघ पर दो से तीन बार हमला किया। जिसके बाद घायल स्टूडेंट जोर-जोर से चिल्लाने लगा तो शिक्षक दौड़कर बाहर आए। इस बीच हमला करने वाला छात्र वहां से भाग गया।
Created On :   16 Aug 2024 10:37 PM IST