नासा क्रू फ्लाइट टेस्ट मिशन: सुनीता-विल्मोर के बिना लौटा स्टारलाइनर स्पेसक्राफ्ट, जानें कब होगी दोनों यात्रियों की घर वापसी

- सुनीता-विल्मोर के बिना धरती पर लौटा स्टारलाइनर
- फरवरी 2025 में स्पेसएक्स से विमान से लौटेंगे दोनो
- स्टारलाइनर के थ्रस्टर्स में हो गई थी गड़बड़ी
डिजिटल डेस्क, नई दिल्ली। भारतीय मूल की अंतरिक्ष यात्री सुनीता विलियम्स और बुच विल्मोर को स्पेस में ले जाने वाला बोइंग स्टारलाइनर स्पेसक्राफ्ट धरती की सतह पर वापस लौट आया है। बीते 5 जून को दोनों अंतरिक्ष यात्री नासा के क्रू फ्लाइट टेस्ट मिशन के तहत बोइंग स्टारलाइनर स्पेसक्राफ्ट से अंतरिक्ष की ओर रवाना हुए थे। मिशन प्लान के मुताबिक दोनो को 14 जून को पृथ्वी पर लौटना था लेकिन यान में दिक्कत की वजह से उनकी घरवापसी नहीं हो पा रही थी। बाद में नासा ने ऐलान किया कि दोनों यात्री अगले साल फरवरी में स्पेसएक्स के विमान से धरती पर लौटेंगे।
नासा ने स्टारलाइनर के धरती पर लौटने की जानकारी अपने एक्स पर पोस्ट के जरिए साझा की। जानकारी के मुताबिक स्पेसक्राफ्ट 6 सितंबर को भारतीय समयनुसार सुबह 3.30 बजे अंतरराष्ट्रीय स्पेस सेंटर से रवाना हुआ था और 7 सितंबर की सुबह 9:32 बजे यह अमेरिकी प्रांत न्यू मैक्सिको के व्हॉइट सैंड स्पेस हॉर्बर पर लौटा। बोइंग स्टारलाइनर विमान को आईएसएस से धरती की सतह पर लौटने में कुल 44 मिनट का वक्त लगा। दुनियाभर के वैज्ञानिकों की नजर इस मिशन पर टिकी हुई थी।
फरवरी में होगी घरवापसी
नासा के क्रू फ्लाइट टेस्ट मिशन के तहत भारतीय मूल की एस्ट्रोनॉट सुनीता विलियम्स और बुच विल्मोर बोइंग के स्टारलाइनर स्पेसक्राफ्ट से अंतरिक्ष में गए थे। नासा के मुताबिक यह मिशन केवल 8 दिनों का था। लेकिन विमान के थ्रस्टर्स में खराबी हो जाने की वजह से उनकी घरवापसी को टाल दिया गया। बाद में नासा ने दोनों अंतरिक्ष यात्रीयों को धरती पर वापस लाने के लिए एलन मस्क की कंपनी स्पेस एक्स की सहायता लेने का निर्णय किया। बता दें, अगले साल फरवरी में दोनों अंतरिक्ष यात्री स्पेस एक्स की क्रू ड्रैगन स्पेसक्राफ्ट से वापस धरती पर लौटेंगे।
Created On :   7 Sept 2024 6:02 PM IST