दिल्ली विधानसभा चुनाव 2025: राजेंद्र नगर विधानसभा से BJP प्रदेश कार्यकारिणी सदस्य संजीव अरोड़ा ने थामा AAP का दामन, बताया क्यों छोड़ी पार्टी

डिजिटल डेस्क, नई दिल्ली। दिल्ली विधानसा चुनाव को लेकर सियासत गरमाई हुई है। इस क्रम में भारतीय जनता पार्टी को चुनाव से पहले बड़ा झटका लगा है। राजेंद्र नगर विधानसभा में रहने वाले पार्टी के सीनियर नेता और दिल्ली प्रदेश कार्यकारिणी के सदस्य संजीव अरोड़ा ने बुधवार (29 जनवरी) को आम आदमी पार्टी (AAP) का दामन थाम लिया है। उनके समर्थ भी आप में शामिल हो गए। बता दें कि, आप के सीनियर नेता संजय सिंह ने सभी को पार्टी की सदस्यता दिलवाई। इस दौरान संजीव अरोड़ा ने कहा कि बीजेपी की विचारधारा पहले जैसी नहीं रही।
अरोड़ा ने क्यों छोड़ी पार्टी?
संजीव अरोड़ा ने कहा कि वह पिछले 25 साल से भाजपा से जुड़े हैं, लेकिन आज भाजपा की वह विचारधारा नहीं रही जो 25 साल पहले थी। कई वरिष्ठ लोगों को एक तरफ करके ऐसे व्यक्ति को टिकट दिया गया जो अभी हाल ही में पार्टी से जुड़ा। आज दिल्ली में अरविंद केजरीवाल पंडित दीन दयाल उपाध्याय के बताए मार्ग पर चलकर पंक्ति में खड़े आखिरी व्यक्ति के लिए काम कर रहे हैं। वह दिल्ली के झुग्गीवालों के बारे में सोच रहे हैं, उनके लिए भी योजनाएं बना रहे हैं।
अरोड़ा ने खड़े किए सवाल
अरोड़ा ने कहा कि कुछ दिन पहले तक भाजपा कहती थी कि केजरीवाल रेवड़ी बांट रहे हैं, लेकिन आज भाजपा क्या कर रही है? हमने पुजारियों के लिए प्रकोष्ठ बनाया और उनके लिए कई काम करने की बात कही थी। लेकिन अरविंद केजरीवाल ने आगे बढ़कर पुजारियों और ग्रंथियों के लिए 18 हजार रुपये की तनख्वाह घोषित की है। मै विश्वास दिलाता हूं कि आम आदमी पार्टी आने वाले समय में फिर सरकार बनाएगी। हम पूरी मजबूती से आम आदमी पार्टी के साथ खड़े हैं।
दिल्ली कांग्रेस के पूर्व सचिव कल हुए थे आप में शामिल
दिल्ली कांग्रेस के पूर्व सचिव राजीव कौशिक ने मंगलवार (28 जनवरी) को आम आदमी पार्टी का दामन थाम लिया था। कैशिक के अलावा कई नेता भी आप में शामिल हो गए। आप सांसद संजय सिंह ने सभी को सदस्यता दिलवाई। उन्होंने पार्टी मुख्यालय में टोपी और पटका पहनाकर सबका स्वागत किया। आपको बता दें कि, कौशिक ने कहा कि कांग्रेस अपने मूल विचारधारा से भटक रही है।
Created On :   29 Jan 2025 3:58 PM IST