बिहार विधानसभा चुनाव 2025: अपनी प्रतिष्ठा बचाने कांग्रेस नेताओं के सामने गिड़गिड़ा रहा आरजेडी का आलाकमान, मंगल पांडेय का तीखा हमला

अपनी प्रतिष्ठा बचाने कांग्रेस नेताओं के सामने गिड़गिड़ा रहा आरजेडी का आलाकमान, मंगल पांडेय का तीखा हमला
  • बिहार में इस साल होंगे विधानसभा चुनाव
  • सत्तापक्ष और विपक्ष के बीच बढ़ी जुबानी जंग
  • मंगल पांडे्य ने आरजेडी पर साधा निशाना

डिजिटल डेस्क, पटना। बिहार में इस साल विधानसभा चुनाव होने हैं। जैसे-जैसे चुनाव का समय नजदीक आता जा रहा है सियासतदानों के बीच जुबानी जंग बढ़ती जा रही है। इसी क्रम में बिहार के स्वास्थ्य मंत्री मंगल पांडेय ने विपक्षी दलों, विशेष रूप से राष्ट्रीय जनता दल (राजद) और महागठबंधन पर तीखा हमला बोला।

तेजस्वी को सीएम फेस नहीं मान रहा महागठबंधन

उन्होंने राजद नेता तेजस्वी यादव की मुख्यमंत्री पद की दावेदारी और महागठबंधन में चल रही खींचतान को लेकर कटाक्ष किया। उन्होंने कहा, "कांग्रेस और महागठबंधन की अन्य पार्टियां तेजस्वी को मुख्यमंत्री का चेहरा मानने को तैयार नहीं हैं। वे कहते हैं कि किसी भी कीमत पर तेजस्वी स्वीकार्य नहीं हैं। महागठबंधन में तो खुलेआम झगड़ा चल रहा है। राजद तेजस्वी यादव को अपना नेता मानता है, लेकिन तेजस्वी यादव और उनके परिवार पर कई गंभीर आरोप हैं। पूरा परिवार जमानत पर है। तेजस्वी यादव 32 साल की उम्र में 52 संपत्तियों के मालिक हैं और आय से अधिक संपत्ति के मामले में जमानत पर हैं। ऐसे लोगों को जनता आने वाले दिनों में सबक सिखाने का काम करेगी।"

मंगल पांडेय ने आरोप लगाया कि राजद अपनी प्रतिष्ठा बचाने के लिए दिल्ली में कांग्रेस नेताओं के सामने गिड़गिड़ा रहा है। तेजस्वी यादव दिल्ली के दरबार में हाजिरी लगा रहे हैं, लेकिन उनकी अंदरूनी लड़ाई जनता देख रही है। जनता जानती है कि चाहे राजद हो या कांग्रेस, ये भ्रष्टाचारी दल हैं, जो बिहार के विकास को बाधित करते हैं। बिहार की जनता विकास से समझौता नहीं करेगी। ये दल बिहार के विकास के रास्ते में रोड़ा हैं। जनता इनके भ्रष्टाचार और जंगलराज को भूली नहीं है।

आगामी बिहार विधानसभा चुनाव और एनडीए में सीट बंटवारे को लेकर मंगल पांडेय ने कहा, "एनडीए में सब कुछ 1000 प्रतिशत ठीक है। गांव से लेकर प्रदेश तक एनडीए एकजुट है। हमारे सभी पांच दलों के कार्यकर्ता एक साथ कार्यक्रम कर रहे हैं और डबल इंजन की सरकार की उपलब्धियां जनता तक पहुंचा रहे हैं। एनडीए आगामी बिहार विधानसभा चुनाव में 243 सीटों पर चुनाव लड़ेगी और 220 से अधिक सीटें जीतेगी। केंद्र और राज्य सरकार की योजनाओं का लाभ बिहार की जनता तक पहुंच रहा है, जिसके आधार पर जनता एनडीए को फिर से चुनेगी।"

पहलगाम के दोषियों को मिले कड़ी सजा

पहलगाम आतंकवादी हमले को लेकर मंगल पांडेय ने कहा, "जिस तरह से इस घटना को अंजाम दिया गया, वह अत्यंत दुखद और मन को चोट पहुंचाने वाला है। हत्या किसी भी रूप में गलत है। प्रधानमंत्री मोदी ने कहा है कि इस अपराध के दोषियों को उनकी कल्पना से भी कड़ी सजा दी जाएगी। जब पीएम मोदी ने यह बात कही है, तो यह निश्चित रूप से होगा। न तो आतंकवादी बचेंगे, न ही इस षड्यंत्र को रचने वाले।"

Created On :   26 April 2025 2:05 AM IST

Tags

और पढ़ेंकम पढ़ें
Next Story