- Home
- /
- राज्य
- /
- मध्य प्रदेश
- /
- छतरपुर
- /
- मुफ्त में आम नहीं दिए तो होमगार्ड...
मुफ्त में आम नहीं दिए तो होमगार्ड ने कर दी महिला की हत्या, आरोपी फरार

डिजिटल डेस्क, छतरपुर। पिपट थाना क्षेत्र के पनागर गांव में होमगार्ड सैनिक ने एक महिला की लाठियों से पीटकर हत्या कर दी। जबकि उसकी जेठानी को भी लाठी मारकर घायल कर दिया। आरोपी फिलहाल फरार है। ग्रामीणों के अनुसार पनागर निवासी एक महिला गांव में आम बेच रही थी। तभी होमगार्ड सैनिक लखन दुबे वहां पहुंचा और महिला से मुफ्त में आम मांगने लगा। महिला द्वारा फ्री में आम दिए जाने से मना किए जाने पर होमगार्ड सैनिक को नागवार गुजरा और वह महिला का पीछा करते हुए उसके घर तक पहुंच गया। घर में वह महिला और उसके परिजनों को धमकी देकर चला गया। इसके कुछ देर बार महिला की छोटी बहू विमला राजपूत पति कमलेश राजपूत और बड़ी बहू मोहिनी राजपूत पति कोमल राजपूत खेत पर काम करने के लिए घर से निकलीं। दोनों महिलाएं जब गांव के बाहर पहुंची, उसी समय पहले से घात लगाए बैठा सैनिक दोनों महिलाओं पर टूट पड़ा और लाठी से मारपीट करने लगा। मारपीट के दौरान विमला से सिर में गंभीर चोट लग गई। इससे उसकी मौके पर ही मौत हो गई। जबकि मोहिनी गंभीर रूप से घायल हो गई। महिला की हत्या करने के बाद होमगार्ड सैनिक मौके से फरार हो गया।
गांव में दहशत
वर्दी का रौब दिखाकर मुफ्त में आम मांगने वाले होमगार्ड सैनिक द्वारा महिला की हत्या किए जाने के बाद पूरे गांव में आक्रोश व्याप्त है। बताया जा रहा है कि हत्या का आरोपी होमगार्ड सैनिक बिजावर पुलिस थाने में पदस्थ है। पूर्व में भी उसके खिलाफ लोगों को खाकी का रौब दिखाकर डराने, धमकाने की शिकायतें हैं।
दूसरी महिला भी जिला अस्पताल में भर्ती
मारपीट में गंभीर रूप से घायल दूसरी महिला मोहिनी राजपूत के सिर और शरीर के अन्य हिस्सों में गंभीर चोटें लगी हैं। उसे इलाज के लिए जिला अस्पताल में भर्ती कराया गया है। जहा उसकी हालत गंभीर बनी हुई है। पिपट थाना पुलिस ने आरोपी लखन दुबे के खिलाफ हत्या का मामला दर्ज कर लिया है। पुलिस का कहना है कि आरोपी होमगार्ड सैनिक जल्द ही पकड़ लिया जाएगा।
Created On :   19 Jun 2019 1:14 PM IST