- Home
- /
- राज्य
- /
- मध्य प्रदेश
- /
- छतरपुर
- /
- आज शाम 6 बजे से लगेगी धनतेरस, दो...
आज शाम 6 बजे से लगेगी धनतेरस, दो दिन तक खरीदारी और निवेश के लिए मुहूर्त

डिजिटल डेस्क,छतरपुर। धनतेरस से पांच दिनों का दीपोत्सव पर्व शुरू हो रहा है। इस बार धनतेरस शनिवार की शाम 6 बजे से शुरू होगी और 23 की शाम 6 बजे तक रहेगी। इस कारण धनतेरस 22 और 23 अक्टूबर दोनों दिन मानी जाएगी। 22 की शाम में धनवतंरी पूजा और यम दीपदान के लिए 1-1 मुहूर्त रहेंगे और खरीदारी के लिए पूरा दिन शुभ रहेगा। इस दिन त्रिपुष्कर योग बन रहा है, मान्यता है कि इस योग में किए गए कामों का 3 गुना फल मिलता है। 23 को पूरे दिन सर्वार्थ सिद्धि योग रहेगा।
इसलिए हर तरह की खरीदारी, निवेश और नई शुरुआत के लिए पूरे दिन शुभ मुहूर्त रहेंगे। इस तरह धनतेरस 22 और 23 दोनों दिन मनेगी। पर्व को लेकर बाजार में खासी रौनक देखी जा रही है। धनतेरस पर सोना-चांदी और बर्तन खरीदने की परंपरा भी है। इस दिन शाम को प्रदोष काल में भगवान धनवंतरी के साथ कुबेर और लक्ष्मी जी की पूजा की जाती है। अकाल मृत्यु से बचने और अच्छी सेहत की कामना से घर के बाहर यमराज के लिए दक्षिण दिशा में एक बत्ती का दीपक जलाया जाता है।
यह है दीपावली पर्व का शुभ मुहूर्त
दीपावली पर्व सोमवार को मनाया जाएगा। इस दिन प्रातःकाल हनुमान जी के दर्शन करने से विशेष लाभ होता है। ज्योतिष के अनुसार अलसुबह में सूप बजाकर दरिद्रता का निवारण एवं लक्ष्मी का पर्दापण कराया जाता है। प्रदोष एवं रात्रि व्यापिनी कार्तिक अमावस्या के अवसर पर लक्ष्मी, गणेश के पूजन हेतु तीन विशेष मुहूर्त हैं। दोपहर में 2 बजे से शाम 7.11 बजे तक, इसी बीच में शाम 5.36 से 7.11 बजे तक उत्तम मुहूर्त है। रात्रि 10.25 से 11.50 तक रात्रि का मुहूर्त और तंत्र साधना वालों के लिए महानिशा 1.04 बजे से सुबह ब्रह्म बेला 4.40 बजे तक रहेगा।
Created On :   22 Oct 2022 2:38 PM IST