मध्य प्रदेश: अरुण यादव के साथ कांग्रेस की जन आक्रोश यात्रा का बुंदेलखंड क्षेत्र में आज चौथा दिन

अरुण यादव के साथ कांग्रेस की जन आक्रोश यात्रा का बुंदेलखंड क्षेत्र में आज चौथा दिन

डिजिटल डेस्क, / छतरपुर। कांग्रेस द्वारा बुंदेलखंड क्षेत्र में निकाली जा रही जन आक्रोश यात्रा को लेकर पूर्व केंद्रीय मंत्री तथा प्रदेश कांग्रेस के पूर्व अध्यक्ष अरुण यादव ने यात्रा के चौथे दिन आज छतरपुर जिले के चंदला में प्रवेश किया। यात्रा के यहां पहुंचने पर इसमें शामिल होने के लिए स्थानीय लोगों का भारी जन सैलाब उमड़ पड़ा।

यहां आयोजित विशाल जन आक्रोश सभा को संबोधित करते हुए पूर्व केंद्रीय मंत्री अरुण यादव ने कहा कि आज जो जन सैलाब यहां उमड़ कर यहां आया है वह मुझे देखने या सुनने के लिए नहीं बल्कि शिवराज सिंह और भाजपा के कुशासन के खिलाफ आक्रोश दिखाने आया है। यह आक्रोश महिलाओं पर महंगाई की मार और बढ़ते अत्याचारों का है। रोजगार की आस में बैठे लाखों बेरोजगारों का है। फसलों के पूरे दाम और खाद बीज की आस में बैठे अन्नदाता किसानों का है। उन्होंने सवाल किया कि ऐसा कौन सा वर्ग है जो इस सरकार में हैरान और परेशान नहीं है। युवा रोजगार की तलाश में या तो पलायन कर रहा है या भूख से मर रहा है। लेकिन सरकार में बैठे मुख्यमंत्री शिवराज सिंह चौहान और भाजपा को सिर्फ अपने 50% कमिशन की चिंता है। उन्हें चिंता है रेत और खनन माफिया की। उन्हें चिंता है तो दलालों और बिचौलियों की। उन्हें चिंता है तो गुंडे मवाली और अपराधियों की। शिवराज सिंह चौहान के राज में महिलाओं, अनुसूचित जाति, जनजाति और पिछड़े वर्ग के लोगों सहित कमजोर वर्गों पर अत्याचार लगातार बढ़कर सामने आ रहा है।

प्रदेश कांग्रेस के पूर्व अध्यक्ष अरुण यादव ने भाजपा और शिवराज सिंह चौहान को सनातन धर्म के नाम पर आढ़े हाथों लेते हुए कहा कि सनातन धर्म में यह कहां लिखा है कि महिलाओं के सम्मान की सुरक्षा न हो, युवाओं को रोजगार न मिले, किसानों को फसल का दाम न मिले, कमजोर वर्गों को सरेआम अपमानित कर उनके साथ अत्याचार किए जाएं। उन्होंने कहा कि धर्म के नाम पर पाखंड फैलाने वाले पाखंडिया गिरोह का पर्दाफाश हो चुका है और अब इन सबको लेकर जनता का आक्रोश ईवीएम मशीनों के माध्यम से सामने आने वाला है।

अरुण यादव ने आगे कहा कि जन आक्रोश रैली में उमड़ कर आए भारी जन सैलाब और आक्रोश से यह प्रमाणित होता है कि प्रदेश में दमन अन्याय और अत्याचार का राज खत्म होने को है।

उन्होंने कहा कि आने वाले चुनाव में हमारी सरकार के मुख्यमंत्री तो कमलनाथ होंगे। लेकिन विधानसभा क्षेत्र में हमारा प्रत्याशी हाथ का पंजा होगा न कि कोई व्यक्ति। उनकी इस बात पर चंदला विधानसभा क्षेत्र के लिए सभा में मौजूद सभी दावेदारों ने मंच एक साथ खड़ा होकर इस बात की शपथ ली कि पार्टी जिसे भी टिकट देगी उसे जिताने की जिम्मेदारी हम सबकी रहेगी।

कांग्रेस के राष्ट्रीय सचिव और प्रदेश के सह प्रभारी सीपी मित्तल ने सभा को संबोधित करते हुए कहा कि कांग्रेस के राष्ट्रीय अध्यक्ष माननीय श्री मल्लिकार्जुन खड़गे जी को बुंदेलखंड क्षेत्र की बहुत चिंता है। यहां पीने की पानी और रोजगार की कमी की जानकारी उन्हें है। प्रदेश में कमलनाथ जी के नेतृत्व में कांग्रेस की सरकार बनने के बाद केंद्रीय नेतृत्व भी यहां की समस्याओं को हल करने के लिए सामने आएगा।

कांग्रेस की बुंदेलखंड जन आक्रोश यात्रा के मीडिया प्रभारी व मध्यप्रदेश कांग्रेस कमेटी के प्रवक्ता डॉ संदीप सबलोक ने बताया कि पूर्व केंद्रीय मंत्री अरुण यादव तथा पार्टी के राष्ट्रीय सचिव सीपी मित्तल, यात्रा के सह प्रभारी गुड्डू राजा बुंदेला के छतरपुर जिले की सीमा में पहुंचते ही विधायक आलोक चतुर्वेदी व विक्रम सिंह नाती राजा, छतरपुर जिला कांग्रेस अध्यक्ष लखन लाल पटेल जिला प्रवक्ता संतोष तिवारी के साथ यहां के हजारों लोगों ने जन सैलाब के रूप में उनकी भव्य अगवानी की। यहां से चंदला पहुंचकर उन्होंने जन आक्रोश सभा को संबोधित किया।

Created On :   22 Sep 2023 5:14 PM GMT

Tags

और पढ़ेंकम पढ़ें
Next Story