बदमाशों ने ठग लिए दुष्कृत्य पीड़िता को मिली राहत राशि के 1.75 लाख रुपए

डिजिटल डेस्क,शहडोल। शासन द्वारा दुष्कर्म पीडि़ता को दी गई राहत राशि बदमाशों ने ठग लिए। यह मामला जैतपुर थानांतर्गत सामने आया है। शिकायत के बाद पुलिस ने तीन लोगों पर धोखाधड़ी सहित अन्य धाराओं के तहत प्रकरण दर्ज कर लिया है।
पुलिस से मिली जानकारी के अनुसार वर्ष 2020 में आदिवासी 22 वर्षीय महिला ज्यादती का शिकार हुई थी। शासन की योजनानुसार पीडि़त को राहत राशि मिलती है। इसकी जानकारी महिला के जान पहचान चन्द्रभान सिंह को लग गई। उसने अपने साथ थाना बुढ़ार क्षेत्र के देवरी निवासी कुबेर सिंह तथा विमल सिंह कोरचे को मिला लिया। बदमाशों ने महिला को बताया कि राशि तीन किश्तों में प्राप्त होती है। पहली किश्त की राशि महिला को मिल गई। इसके बाद आरोपियों ने कहा कि तुम्हें बाकी सभी किस्त की राशि दिला देंगे।
इस बीच महिला के खाते में 2.75 लाख रुपए आ गए, इसकी जानकारी आरोपियों को लग गई। राशि निकवा देने का झांसा देकर ओटीपी पूछकर पूरी राशि कुबेर सिंह के खाते में ट्रांसफर करा ली गई। बदमशों ने दो किस्तों में एक लाख रुपए महिला को दे दिए गए, लेकिन बाकी रुपए देने में आनाकानी करने लगे। दो साल तक राशि देने का झांसा भर देते रहे। परेशान होकर महिला ने 26 मई 2022 को पुलिस में शिकायत कर दी। जांच के बाद जैतपुर थाने में विमल सिंंह, कुबेर सिंह तथा चन्द्रभान सिंह के विरुद्ध धारा 420, 403, 120 बी, 34 भादवि का अपराध दर्ज कर विवेचना की जा रही है।
Created On :   6 Feb 2023 4:45 PM IST