- Home
- /
- राज्य
- /
- महाराष्ट्र
- /
- नासिक
- /
- सप्तश्रृंगी गढ़ पर फ्युनिक्युलर...
सप्तश्रृंगी गढ़ पर फ्युनिक्युलर ट्रॉली का लोकार्पण, CM ने कहा पर्यटन विकास के लिए हरसंभव सहयोग करेगी सरकार

डिजिटल डेस्क, नासिक। मुख्यमंत्री देवेंद्र फडणवीस ने कहा कि नासिक जिले में पर्यटन को बढ़ावा देने के लिए राज्य सरकार हर संभव सहयोग करेगी। साथ ही पर्यटन के माध्यम से रोजगार निर्माण के लिए भी विशेष उपाय किए जाएंगे। कलवण तहसील के सप्तशृंगी गढ़ पर नवनिर्मित फ्युनिक्युलर ट्रॉली के लोकार्पण समारोह के अवसर पर मुख्यमंत्री ने आश्वासन दिया। मुख्यमंत्री ने कहा कि नासिक में पर्यटन के माध्यम से रोजगार निर्माण के लिए सरकार हर संभव सहायता देने का प्रयास करेगी।
सुविधा के साथ आर्थिक स्थिति भी होगी मजबूत
उन्होंने कहा कि तीर्थस्थलों पर श्रद्धालुओं को अच्छी सुविधा मिलने से अर्थव्यवस्था को मजबूती मिलती है। फडणवीस ने कहा कि सप्तशृंगी गढ़ पर फ्युनिक्युलर ट्रॉली की सुविधा उपलब्ध होने से स्थानीय कारोबार को बढ़ावा मिलेगा। यहां शक्तिपीठ की ओर जाने के लिए विश्वस्तर की सर्वोत्तम तकनीक का उपयोग करते हुए देश का पहला प्रयोग किया गया है। इस दौरान पालकमंत्री गिरीश महाजन ने त्र्यंबकेश्वर, सप्तशृंग गढ़, नासिक व शिर्डी में पर्यटन को बढ़ावा देने की बात कही। कार्यक्रम में ग्रामविकास राज्यमंत्री दादाजी भुसे, सांसद हरिश्चंद्र चव्हाण, विधायक छगन भुजबल, जिप अध्यक्ष शीतल सांगले, महापौर रंजना भानसी समेत कई लोग शामिल रहे।
बड़ी संख्या में आते हैं श्रद्धालु
उल्लेखनीय है कि सप्तश्रृंगी गढ़ पर माता रानी के दर्शन करने आने वाले श्रद्धालुओं की संख्या बड़े पैमाने पर होती है। कलवण तहसील के सप्तशृंगी गढ़ पर शक्तिपीठ की ओर जाने के लिए फ्युनिक्युलर ट्रॉली और सिंचन तालाब का उद्घाटन मुख्यमंत्री देवेंद्र फडणवीस के हाथों किया गया। इस ट्राली की सुविधा से जहां यात्रियों का समय बचेगा वहीं संस्था को भी आर्थिक मदद मिलेगी।
सिंचन तालाब का भी लोकार्पण
मुख्यमंत्री देवेंद्र फडणवीस ने इस दौरान भवानी सिंचन तालाब का लोकार्पण भी किया। उन्होंने परिसर का मुआयना करने के बाद अधिकारियों से इसके बारे में जानकारी भी हासिल की। मिट्टी से बने इस तालाब की लंबाई 180 मीटर है जबकि भंडारण क्षमता 6.68 दलघ फुट है।
Created On :   3 July 2018 11:23 AM IST