हंगामा: संसद से डॉ आंबेडकर की मूर्ति हटाए जाने के विरोध में प्रदर्शन, सपा ने कहा - सेंगोल की जगह लगे संविधान की प्रति

संसद से डॉ आंबेडकर की मूर्ति हटाए जाने के विरोध में प्रदर्शन, सपा ने कहा - सेंगोल की जगह लगे संविधान की प्रति
  • आंबेडकर की मूर्ति हटाए जाने का विरोध
  • जंतर-मंतर पर आंबेडकरवादियों का प्रदर्शन
  • संसद में सेंगोल की जगह लगाई जाए संविधान की विशाल प्रति : सपा सांसद

डिजिटल डेस्क, नई दिल्ली. पुराने संसद भवन परिसर से संविधान निर्माता डॉ बाबासाहब आंबेडकर, महात्मा गांधी और अन्य महापुरुषों की प्रतिमा को उनके विशिष्ट स्थान से हटाए जाने के विरोध में बुधवार को यहां जंतर-मंतर पर आंबेडकरवादियों ने प्रदर्शन किया। इस दौरान सैंकड़ो प्रदर्शनकारियों ने गिरफ्तारियां दी। इस बीच पुलिस और प्रदर्शनकारियों के बीच जमकर झड़प भी हो गई। प्रदर्शनकारियों का कहना था कि संसद से बाबासाहेब की प्रतिमा हटाकर सरकार ने उनका अपमान किया है। उनके अपमान को आंबेडकर अनुयायी कतई सहन नहीं करेंगे। उन्होंने कहा कि आज हमने शांतिपूर्ण तरीके से विरोध प्रदर्शन कर बाबासाहब के सम्मान में हम अपनी गिरफ्तारियां दे रहे हैं। प्रदर्शनकारियों ने इस दौरान सरकार को चेताया कि अगर बाबासाहेब की प्रतिमा को फिर से उसी विशिष्ट स्थान पर पुनर्स्थापित नहीं कियाा गया तो देश भर में आंदोलन छेड़ेंगे। डॉ आंबेडकर प्रतिमा पुन:स्थापना संयुक्त संघर्ष समिति के संयोजक आर एल कैन ने कहा कि बाबासाहेब की मूर्ति को जब तक उसके वास्तविक स्थान पर नहीं लगाया जाता तब तक यह आंदोलन निरंतर जारी रहेगा।

संसद में सेंगोल की जगह लगाई जाए संविधान की विशाल प्रति : सपा सांसद

उधर समाजवादी पार्टी के सांसद आरके चौधरी ने नए संसद भवन में लगे सेंगोल पर सवाल खड़े किए हैं। उन्होंने लोकसभा अध्यक्ष और प्रोटेम स्पीकर को पत्र लिखकर सेंगोल की जगह संविधान की एक विशाल प्रति लगाने की मांग की है। चौधरी ने लोकसभा अध्यक्ष और प्रोटेम स्पीकर को लिखे पत्र में कहा, “आज मैंने इस सम्मानित सदन में आपके समक्ष सदस्य के रूप में शपथ ले लिया कि मैं विधि द्वारा स्थापित भारत के संविधान के प्रति सच्ची श्रद्धा व निष्ठा रखूंगा। परंतु सदन में पीठ के ठीक दाहिने स्थापित सेंगोल देखकर मैं आश्चर्यचकित रह गया। महोदय, हमारा संविधान भारतीय लोकतंत्र का एक पवित्र ग्रंथ है, जबकि सेंगोल अर्थात् राजदंड राजतंत्र का प्रतीक है। हमारी संसद लोकतंत्र का मंदिर है, किसी राजे रजवाड़े का राजमहल नहीं। मैं आग्रह करना चाहूंगा कि संसद भवन में सेंगोल हटाकर उसकी जगह भारतीय संविधान की विशालकाय प्रति स्थापित की जाए”। आरके चौधरी उत्तरप्रदेश के मोहनलालगंज सीट से जीतकर लोकसभा में पहुंचे हैं।

Created On :   26 Jun 2024 2:15 PM GMT

Tags

और पढ़ेंकम पढ़ें
Next Story