मांग: आर्मी भर्ती के लिए चयनित डेढ़ लाख युवाओं को तुरंत ज्वाइनिंग दी जाए - कांग्रेस

- मोदी सरकार ने किया 100 करोड़ का भर्ती घोटाला
- आर्मी भर्ती के लिए चयनित डेढ़ लाख युवा
- कांग्रेस ने कहा- तुरंत ज्वाइनिंग दी जाए
डिजिटल डेस्क, नई दिल्ली. कांग्रेस ने सरकार से मांग की है कि अग्निपथ योजना आने से पहले आर्मी की भर्तियों में चयनित हुए डेढ़ लाख से ज्यादा युवाओं को तुरंत ज्वाइनिंग दी जाए। पार्टी के पूर्व सैनिक विभाग के राष्ट्रीय अध्यक्ष कर्नल रोहित चौधरी ने यहां कहा कि अग्निपथ योजना आने से पहले करीब डेढ़ लाख से ज्यादा युवा आर्मी, एयरफोर्स और नेवी में चयनित किए गए थे। लेकिन अग्निपथ योजना आने के बाद मोदी सरकार ने इनके सपनों को चूर-चूर कर दिया। कर्नल चौधरी ने कहा कि चयनित होने के बावजूद डेढ़ लाख युवाओं को सरकार ने इन्हे ज्वाइनिंग लेटर नहीं दिया। उन्होंने कहा कि आर्मी में वर्ष 2019, 2020 और 2021 में लगभग 97 भर्तियों को रद्द कर दिया गया।
इसके आवेदकों से 250 रूपये प्रति फाॅर्म लिए गए। फॉर्म फीस के नाम पर 50 लाख से ज्यादा बच्चों से लगभग 100 करोड़ से ज्यादा रकम इकट्ठा की गई। इसे 100 करोड़ का भर्ती घोटाला बताते हुए कांग्रेस नेता ने सरकार से देश को इसका हिसाब देने की मांग की है। अग्निपथ योजना को देश के युवाओं, सेना एवं देश की सुरक्षा प्रणाली के लिए बेहद खतरनाक और घातक बताते हुए उन्होंने कहा कि आर्मी नहीं चाहती थी कि अग्निपथ योजना आए।
Created On :   3 Jan 2024 5:19 PM IST