Delhi News: चुनाव नतीजों ने संविधान के नकली हितैषी बनने वालों की दुकान पर लगाया ताला : शाह

- महाराष्ट्र वासियों की जीत बताया
- डबल इंजन सरकार की पॉलिटिक्स ऑफ परफॉर्मेंस की जीत
- जनता ने तुष्टीकरण की राजनीति को नकारा
Delhi News केंद्रीय गृह मंत्री अमित शाह ने महाराष्ट्र में भाजपा के नेतृत्व वाली महायुति गठबंधन की जीत को महाराष्ट्र वासियों की जीत बताया है और महाविकास आघाडी पर निशाना साधते हुए उन्होंने कहा कि महाराष्ट्र ने विकास के साथ-साथ संस्कृति और राष्ट्र को सर्वोपरि रखने वाले महायुति गठबंधन को प्रचंड जनादेश देकर भ्रम और झूठ के सहारे संविधान के नकली हितैषी बनने वालों की दुकान पर ताला लगाने का काम किया है।
गृह मंत्री ने एक्स पर लिखा, जय महाराष्ट्र, इस ऐतिहासिक जनादेश के लिए महाराष्ट्र की जनता का कोटि-कोटि वंदन। छत्रपति शिवाजी महाराज, बाबासाहेब आंबेडकर जी, ज्योतिबा फुले जी और वीर सावरकर जी की पुण्य भूमि महाराष्ट्र ने विकास के साथ-साथ संस्कृति और राष्ट्र को सर्वोपरि रखने वाले महायुति गठबंधन को प्रचंड जनादेश देकर संविधान के नकली हितैषी बनने वालों की दुकान पर ताला लगाने का काम किया है।
शाह ने आगे लिखा कि महायुति की यह विजय प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी जी के नेतृत्व में डबल इंजन सरकार की पॉलिटिक्स ऑफ परफॉर्मेंस की जीत है। महाराष्ट्र वासियों ने तुष्टीकरण की राजनीति को नकार कर महायुति की विरासत, विकास और गरीब कल्याण पर फिर से अपना भरोसा जताया है। इस भव्य जीत के लिए महाराष्ट्र के भाजपा के सभी कार्यकर्ताओं, भाजपा के राष्ट्रीय अध्यक्ष जेपी नड्डा, प्रदेश अध्यक्ष चंद्रशेखर बावनकुले, मुख्यमंत्री एकनाथ शिंदे, उपमुख्यमंत्री देवेंद्र फडणवीस और अजित पवार को हार्दिक बधाई देता हूं।
Created On :   23 Nov 2024 8:00 PM IST