- Home
- /
- राज्य
- /
- महाराष्ट्र
- /
- मुंबई
- /
- पाकिस्तानी खुफिया एजेंट के झांसे...
Mumbai News: पाकिस्तानी खुफिया एजेंट के झांसे में फंसाकर गोपनीय जानकारी देने वाले को मिली जमानत

- पाकिस्तानी खुफिया एजेंट के झांसे में फंसाकर नौसेना डॉकयार्ड की गोपनीय जानकारी देने वाले युवक को बॉम्बे हाई कोर्ट से मिली जमानत
- आईएसआई के दो एजेंटों ने लड़की बन कर युवक से सोशल मीडिया की थी दोस्ती
- ठाणे एटीएस ने युवक को दक्षिण मुंबई के नौसेना डॉकयार्ड इलाके से किया था गिरफ्तार
Mumbai News. बॉम्बे हाई कोर्ट ने एक अहम फैसले में पाकिस्तानी खुफिया एजेंट के झांसे में फंसाकर उसे सुरक्षा की दृष्टि से संवेदनशील क्षेत्र नौसेना डॉकयार्ड की गोपनीय जानकारी देने वाले युवक को जमानत देते कहा कि युवा अपराधियों के साथ व्यवहार करते समय यह सुनिश्चित करने का हर संभव प्रयास किया जाना चाहिए कि क्या सजा के स्वरूप को इस हद तक अनुकूलित किया जा सकता है कि सुधार को बढ़ावा दिया जा सके और अपराधी का पुनर्वास हो सके। आईएसआई के तीन एजेंटों ने महिला बन कर युवक से सोशल मीडिया पर दोस्ती की थी। ठाणे आतंकवाद निरोधक दस्ते (एटीएस) ने 13 दिसंबर 2023 को उसे दक्षिण मुंबई के नौसेना डॉकयार्ड इलाके से गिरफ्तार किया था।
न्यायमूर्ति मिलिंद जाधव की एकल पीठ ने कहा कि याचिकाकर्ता की आयु बहुत कम है। यदि उसे आगे भी जेल में रखा जाता है, तो इस बात की पूरी संभावना है कि वह संस्था और समाज में विश्वास खो सकता है और अपराध के रास्ते पर चल सकता है। इससे वह अपना जीवन बर्बाद कर सकता है। न्यायालय को लगता है कि सजा में सुधारात्मक दृष्टिकोण की दिशा में हर तरह का अवसर अपनाया जाना चाहिए, खासकर युवा अपराधियों के मामले में। जिससे वह एक अच्छा नागरिक बन सके। पीठ ने कहा कि प्रथम दृष्टया अवलोकनों पर विचार करते हुए याचिकाकर्ता को पिछले लगभग 1 वर्ष और 4 महीने से जेल में रखा गया है। याचिकाकर्ता को जमानत पर रिहा किया जा सकता है।
23 वर्षीय गौरव अर्जुन पाटील जलगांव का रहने वाला है। उसने वहां औद्योगिक प्रशिक्षण संस्थान (आईटीआई) से मैकेनिक डीजल में आईटीआई और मुंबई के नौसेना डॉकयार्ड में 21 नवंबर 2022 से 20 नवंबर 23 तक एक वर्ष की अप्रेंटिस (प्रशिक्षण) की। वह अप्रेंटिसशिप पूरा करने वालों के लिए दिसंबर 2023 में आयोजित अखिल भारतीय व्यापार परीक्षा 72.75 फीसदी अंक से उत्तीर्ण की। इसके लिए उसे 7000 रुपए प्रति माह वजीफा मिला और उसे प्रतिबंधित नौसेना डॉकयार्ड क्षेत्र में नौसेना डॉकयार्ड छात्रावास परिसर में रखा गया।
इस दौरान उसकी सोशल मीडिया (व्हाट्सएप और फेसबुक) पर आरती शर्मा और पायल एंजेल नामक दो युवतियों से परिचय हुआ। वह उनके साथ चैट करना शुरू कर दिया। उन्होंने अपना परिचय शिपिंग कंपनी में कार्यरत कर्मचारी के रूप में दिया और पश्चिम बंगाल के कालियागंज की रहने वाली 25 वर्षीय एक और महिला से परिचय कराया, जिसके बारे में दावा किया कि वह मोबाइल स्मार्ट कार्ड विक्रेता और क्रिप्टो करेंसी व्यापारी है। उसने पाटील को 2000 रुपए ऑनलाइन हस्तांतरित किए थे। उन्होंने पाटील से व्हाट्सएप और फेसबुक पर चैट के दौरान नौसेना डॉकयार्ड क्षेत्र में मरम्मत के लिए खड़े जहाजों, नावों, जहाजों के स्थान, इंजन के चित्र, मरम्मत के लिए नौसेना डॉकयार्ड में डॉक की गई पनडुब्बियों के बारे में जानकारी मांगी, जो जानकारी गोपनीय और संवेदनशील थी।
ठाणे आतंकवाद निरोधक दस्ते (एटीएस) ने पाटील को गुप्त सूचना पर 13 दिसंबर 2023 को पकड़ा और उसके खिलाफ कालाचौकी पुलिस स्टेशन में मामला दर्ज कर गिरफ्तार कर लिया गया। पुलिस की उससे पूछताछ और जांच में पता चला कि वह जिन तीन महिलाओं से सोशल मीडिया पर चैट कर रहा था, वे महिला नहीं, बल्कि उनके भेष में पाकिस्तानी खुफिया एजेंट थे।
Created On :   15 April 2025 9:50 PM IST