Vistara ने उड़ान के दौरान दी जाने वाली सेवाओं मे किया बदलाव, जानिए अब फ्लाइट के भीतर क्या मिलेगा, क्या नहीं

डिजिटल डेस्क, नई दिल्ली। लॉकडाउन के बाद जब एयरलाइंस का परिचालन शुरू हो जाएगा उसके बाद अगर आप निजी विमानन कंपनी विस्तार में उड़ान भरना चाहते हैं तो आपको कुछ नए बदले हुए नियमों के बारे में जान लेना चाहिए। एयरलाइन ने उड़ान के दौरान दी जाने वाली सेवाओं में अस्थाई रूप से कुछ बदलाव किये हैं। विस्तार ने लॉकडाउन के बाद परिचालन शुरू होने पर उड़ान के दौरान शारीरिक संपर्क वाले बिंदुओं को 80 प्रतिशत तक कम करने के लिए बदलाव किए हैं।
कंपनी की ओर से एक बयान जारी किया गया जिसमें कहा गया है कि लॉकडाउन के बाद परिचालन शुरू होने पर यात्रियों और चालक दल के बीच शारीरिक संपर्क कम करने के लिए वह खाने के विकल्पों को कम करेगी। विमान के भीतर उत्पादों की बिक्री, स्वागत पर दिए जाने वाले पेय, गर्म खाने और गर्म पेय की सेवा बंद करेगी। इसके अलावा बिजनेस क्लास और प्रीमियम इकोनॉमी क्लास में स्टारबक्स कॉफी और तुर्की तौलिए नहीं दिए जाएंगे।
यात्रियों को गिलास में पानी देने के बजाय सभी उड़ानों के दौरान 200 मिलीलीटर पानी की बोतल दी जाएगी। इसके अलावा प्रीमियम इकोनॉमी और इकोनॉमी श्रेणी की सीटों पर सिर्फ ठंडे पेय उपलब्ध कराए जाएंगे।
अंतरराष्ट्रीय उड़ानों के लिए भी यात्री सेवाओं की समीक्षा की जाएगी। कोरोना वायरस के प्रकोप को फैलने से रोकने के लिए देश में 25 मार्च से लॉकडाउन जारी है। इस दौरान कमर्शियल उड़ानों के परिचालन पर रोक है। लॉकडाउन तीन मई को समाप्त हो रहा है, उसके बाद सीमित स्तर पर उड़ानों का परिचालन शुरू होने की उम्मीद की जा रही है।
Created On :   30 April 2020 4:15 PM IST