पट्टे की मांग: अचानक सड़क पर आई महिलाओं ने रोका मुख्यमंत्री का काफिला, बोलीं पट्टा दिया जाए

  • सिवनी होते हुए जबलपुर से बालाघाट गए मुख्यमंत्री मोहन यादव
  • धूमा से धारनाकला तक जिले में जगह-जगह हुआ स्वागत
  • गांव के पास प्रस्तावित बांध न बनाए जाने की मांग

Bhaskar Hindi
Update: 2024-08-06 04:32 GMT

डिजिटल डेस्क, सिवनी। प्रदेश के मुख्यमंत्री मोहन यादव सोमवार को जबलपुर से सिवनी होते हुए बालाघाट रवाना हुए। दोपहर डेढ़ बजे के लगभग जब मुख्यमंत्री का काफिला सिवनी में आयोजित कार्यक्रम स्थल से लगभग सवा सौ मीटर दूर था, तभी उनका पहले से इंतजार करन रहीं लूघरवाड़ा ग्राम पंचायत की डेढ़ दर्जन से अधिक महिलाएं अचानक सडक़ पर आ गईं। महिलाओं को सडक़ पर देख काफिले के कुछ वाहन तो साइड से निकल गए, लेकिन मुख्यमंत्री का वाहन जब तक पहुंचा, तब तक लगभग पूरी सडक़ महिलाओं से घिर गई थी। गाड़ी के सामने आते हुए महिलाओं ने मुख्यमंत्री को हाथ में पकड़ी राखियां दिखाईं। मुख्यमंत्री ने भी कार रूकवा दी। मुख्यमंत्री को राखी बांधकर महिलाओं ने उन्हें सरपंच की मौजूदगी में ज्ञापन भी सौंपा। ज्ञापन में मांग की गई है कि लूघरवाड़ा में 20 साल से निवासरत गरीब परिवारों को भूमि का पक्का पट्टा सौंपा जाए। नागन देवरी बाइपास धूमा में भी गुरार गांव की महिलाएं व पुरुष मुख्यमंत्री के सामने आ गए थे। उन्होंने मुख्यमंत्री से गांव के पास प्रस्तावित बांध न बनाए जाने की मांग करते हुए कहा कि हमारी जमीन डूब क्षेत्र में न आए।

बैक वाटर देखा, दिए निर्देश

मुख्यमंत्री ने सिवनी आते समय छपारा स्थित वैनगंगा नदी के ब्रिज पर काफिला रुकवाया। उन्होंने ब्रिज से भीमगढ़ बांध के बैक वाटर का अवलोकन कर कलेक्टर संस्कृति जैन व संबंधित अधिकारियों से 22 जुलाई को अतिवर्षा से निर्मित बाढ़ स्थिति, जल भराव क्षेत्र एवं इससे प्रभावित ग्रामों के संबंध में जानकारी लेकर आवश्यक दिशा निर्देश दिए। इस दौरान उन्होंने पुल पर से नदी में श्रीफल व पुष्प अर्पित कर पूजन भी किया।

किसानों को मिलेगा मुआवजा

मुख्यमंत्री ने सिवनी में कहा कि अतिवृष्टि से किसानों का जो नुकसान हुआ है, उसका एक-एक किसान की नुकसानी का सर्वे कराकर सबका मुआवजा सरकार के द्वारा दिया जाएगा। अतिवृष्टि में किसी को पशु हानि, मकान क्षति हुई है, उन सबको भी मुआवजा मिलेगा। मुख्यमंत्री बोले सरकार आपके साथ है। मुख्यमंत्री ने कहा कि सिवनी को मेडिकल कॉलेज की बड़ी सौगात मिली है। बहुत जल्दी मेडिकल के उद्घाटन के लिए सिवनी आऊंगा। वे बोले प्रदेश में 10 तारीख को एक साथ 25 हजार स्थान पर रक्षा बंधन का त्यौहार मनाया जाएगा। इस दौरान लाड़ली बहनों के खाते में 1250 रुपए के साथ ही 250 रुपए रक्षा बंधन के लिए डाले जाएंगे।

राखी बांधने की मची होड़

सिवनी पहुंचने पर मुख्यमंत्री के स्वागत के पश्चात जब वे मंच से उतर कर लाड़ली बहनों के पास पहुंचे तो उन्हें राखी बांधने की होड़ मच गई। कई बहनों ने उनकी कलाई पर राखियां बांधी। इस दौरान मुख्यमंत्री को राखी भेंट भी की गई। कार्यक्रम में भाजपा जिलाध्यक्ष आलोक दुबे, विधायक दिनेश राय मुनमुन, विधायक कमल मर्सकोले, पूर्व सांसद डॉ. ढालसिंह बिसेन, नीता पटेरिया, पूर्व जिलाध्यक्ष वेदप्रकाश ठाकुर, पूर्व विधायक नरेश दिवाकर, पूर्व विधायक राकेश पाल सिंह, बैतुल जिला प्रभारी सुजीत जैन, संतोष अग्रवाल आदि मौजूद रहे। इससे पूर्व जिले की सीमा में प्रवेश करने पर मुख्यमंत्री का धूमा बंजारी में स्वागत किया गया। उनका नागनदेवरी बाइपास धूमा, लखनादौन, छपारा, बंडोल(राहीवाड़ा) तथा सिवनी से रवाना होने के बाद बरघाट व धारनाकला में भी स्वागत किया गया।

Tags:    

Similar News