मध्यप्रदेश: जनजातीय कार्य मंत्री डॉ. शाह ने राजकुमार हिरानी को दिया राष्ट्रीय किशोर कुमार सम्मान

  • राजकुमार हिरानी को 'राष्ट्रीय किशोर कुमार सम्मान' से किया गया सम्मानित
  • राष्ट्रीय सम्मान पाकर खुद को बेहद गौरवान्वित महसूस करने की कही बात
  • जन-प्रतिनिधि व अधिकारी एवं संगीतप्रेमी उपस्थित थे

Bhaskar Hindi
Update: 2024-10-14 17:07 GMT

डिजिटल डेस्क, भोपाल। जनजातीय कार्य, लोक परिसम्पत्ति प्रबंधन तथा भोपाल गैस त्रासदी राहत एवं पुर्नवास मंत्री डॉ. कुंवर विजय शाह ने 13 अक्टूबर को सुप्रसिद्ध पटकथा लेखक और निर्माता-निर्देशक राजकुमार हिरानी को 'राष्ट्रीय किशोर कुमार सम्मान' (वर्ष 2023) से अलंकृत किया। प्रथम राष्ट्रीय किशोर कुमार सम्मान वर्ष 1997 में फिल्म निर्देशक हृषिकेश मुखर्जी को दिया गया था। 27वां किशोर सम्मान पटकथा लेखक राजकुमार हिरानी को दिया गया है। समारोह में स्व. किशोर कुमार के यादगार गीतों की प्रस्तुति मुंबई से आये मशहूर गायक नीरज श्रीधर एवं उनकी टीम द्वारा दी गई।

कार्यक्रम में जनजातीय कार्य मंत्री डॉ. शाह ने कहा कि स्व. किशोर कुमार एक होनहार व कुशल गायक थे। उनके गीतों से फिल्म संगीत को एक नई दिशा, एक नया आयाम मिला। वे हमेशा कहते थे कि दूध जलेबी खायेंगे, खण्डवा में बस जायेंगे।

पटकथा लेखक राजकुमार हिरानी ने अपने संबोधन में राष्ट्रीय किशोर कुमार सम्मान के लिए मध्यप्रदेश सरकार को साधुवाद दिया। बचपन से ही स्व. किशोर कुमार उनके पसंदीदा गायक रहे है, आज उनके नाम का राष्ट्रीय सम्मान पाकर वे खुद को बेहद गौरवान्वित महसूस कर रहे हैं।

संस्कृति संचालक एन.पी. नामदेव ने हिरानी के लिए प्रशस्ति-पत्र का वाचन किया और बताया कि हिरानी को प्रमुख रूप से मुन्ना भाई एमबीबीएस (2003), लगे रहो मुन्ना भाई (2006) और थ्री इडियट्स (2009) जैसी मनोरंजक फिल्मों के लिए जाना जाता है।

खंडवा के पुलिस परेड ग्राउण्ड में हुए राष्ट्रीय किशोर कुमार सम्मान कार्यक्रम में खण्डवा की विधायिका कंचन तनवे, महापौर अमृता यादव, जिला पंचायत अध्यक्ष पिंकी वानखेड़े सहित बड़ी संख्या में जन-प्रतिनिधि व अधिकारी एवं संगीतप्रेमी उपस्थित थे।

Tags:    

Similar News