Seoni News: ठण्डे बस्ते में सिवनी को नगर निगम बनाने की घोषणा

  • सिवनी जिले में कम आबादी बनी रोड़ा
  • विधानसभा चुनाव के पहले पूर्व सीएम ने किया था ऐलान
  • नगर पालिका परिषद से पास हुआ था प्रस्ताव

Bhaskar Hindi
Update: 2024-10-23 10:08 GMT

डिजिटल डेस्क, सिवनी। सिवनी को नगर निगम बनाने का मामला ठण्डे बस्ते में चला गया है। विधानसभा चुनाव के पहले पूर्व 19 जुलाई 2019 को मुख्यमंत्री शिवराज सिंह चौहान ने सिवनी में रोड शो के बाद आयोजित सभा में सिवनी नगर पालिका परिषद को नगर निगम बनाने की घोषणा की थी। इसके बाद नगर निगम बनाने को लेकर तेजी से कवायद भी प्रारंभ हो गई थी। नगर पालिका परिषद ने सम्मिलन आयोजित कर नगर निगम बनाने का प्रस्ताव भी पास किया था। इस संबंध में भोपाल स्तर से भी मशक्कत की गई थी। हालांकि कम जनसंख्या सिवनी को नगर निगम बनाने की राह में बाधा बन गई और पूरे मामले को ठण्डे बस्ते में डाल दिया गया है।

52 गांव से भी नहीं हुई राह आसान

नगर निगम बनाने की घोषणा के बाद प्रदेश शासन के निर्देश पर कवायद शुरु हुई थी। तय किया गया था कि सिवनी से लगी पंचायतों को नगर पालिका परिषद में जोडक़र सिवनी को नगर निगम बनाया जाए। इसके बाद 52 गांवों को सिवनी से जोडऩे के लिए सर्वे व जानकारी एकत्र की गई। 52 गांवों को सिवनी में मिलाने के प्रस्ताव के बावजूद नगर निगम बनने के लिए आवश्यक जनसंख्या पूर्ण न हो पाने के चलते मामला खटाई में पड़ गया।

24 से 30 होगी वार्ड की संख्या

नगर सरकार ने इस साल के प्रारंभ में सिवनी शहर का दायरा बढ़ाने का भी निर्णय लिया था। शहर से लगी मरझोर व लूघरवाड़ा ग्राम पंचायत के साथ ही कटंगी नाका स्थित जनता नगर और खैरीटेक को भी नगर पालिका परिषद में मिलाने का फैसला किया था। यह भी तय किया गया था कि नगर पालिका क्षेत्र अतंर्गत आने वाले 24 वार्ड की संख्या बढ़ाकर 30 की जाएगी। मरझोर, लूघरवाड़ा, जनता नगर व खैरीटेक को वार्ड बनाने के साथ ही शहर के दो बड़े वार्ड भगत सिंह वार्ड व कबीर वार्ड को दो-दो हिस्सों में बांटकर दो नए वार्ड बनाए जाएंगे। इस तरह वार्ड की संख्या बढ़ाकर तीस की जाएगी।

इनका कहना है -

52 गांव मिलाने के प्रस्ताव के बावजूद नगर निगम बनाने के लिए आवश्यक जनसंख्या का आंकड़ा पूर्ण नहीं हो पा रहा। मरझोर, लूघरवाड़ा, जनता नगर व खैरीटेक को पालिका में मिलाने जल्द पीआईसी में प्रस्ताव लाया जाएगा।

- शफीक खान,अध्यक्ष, नगर पालिका, सिवनी

सिवनी नगर पालिका में 52 गांव मिलाने का प्रस्ताव था, लेकिन इसके बावजूद नगर निगम बनने के लिए आवश्यक तीन लाख की जनसंख्या का आंकड़ा पूरा नहीं हो पा रहा था। इसके चलते फिलहाल सिवनी का नगर निगम बनना संभव नहीं। सिवनी से लगी तीन-चार ग्राम पंचायतों को मिलाकर वार्ड की संख्या 24 से बढ़ाकर 30 करने की भी योजना है, लेकिन इस मामले में भी अभी कुछ नहीं हो रहा है।

- आरके कुर्वेती, सीएमओ, नगर पालिका, सिवनी

Tags:    

Similar News