Seoni News: बिजली गिरने से हुई महिला की मौत, 24 घंटों में एक इंच बारिश

  • इलाके के कुछ स्थानों में जल भराव
  • इस साल अच्छी ठंड पडऩे की संभावना है
  • कान्हीवाड़ा सहित दूसरे स्थानों में भी बारिश हुई

Bhaskar Hindi
Update: 2024-10-19 04:20 GMT

डिजिटल डेस्क, सिवनी। जिले में सक्रिय वैदर सिस्टम का असर नजर आ रहा है। बीते 24 घंटों में जिला मुख्यालय सहित कई स्थानों में बारिश का क्रम जारी है। शुक्रवार दोपहर कान्हीवाड़ा क्षेत्र में बिजली गिरने से खेत में काम कर रही एक महिला की मौत हो गई। वहीं शहर में कई स्थानों पर जल जमाव की स्थिति भी देखी गई। मौसम विभाग का कहना है एक दो दिनों में बारिश का क्रम थमकर मौसम खुल जाएगा और ठंड दस्तक दे देगी। इस साल अच्छी ठंड पडऩे की संभावना है।

खेत में गिरी बिजली -शुक्रवार को तेज गरज-चमक के साथ कई स्थानों में बारिश हुई। बारिश के इसी दौर में कान्हीवाडा़ थाना क्षेत्र में शुक्रवार की दोपहर को उमरिया में खेत में काम कर रही एक महिला की मौत हो गई। महिला सावित्री पति मुकेश बरकड़े (30) दूसरे लोगों के साथ खेत में काम करने गई हुई थी। इसी दौरान बारिश शुरु हो गई जिससे बचने के लिए महिला दूसरे मजदूरों के साथ पेड़ के नीचे खड़ी हो गई। इसी दौरान आकाशीय बिजली गिरने से महिला की मौत हो गई।

दोपहर में आधे घंटे में झमाझम बारिश -शुक्रवार को जिला मुख्यालय में झमाझम बारिश शुरु हुई। बारिश का यह सिलसिला लगभग आधे घंटे तक जारी रहा। इसके बाद कुछ समय के लिए बारिश थमी लेकिन फिर रुक-रुककर बारिश का सिलसिला शुरु हो गया जो रात तक जारी था। शहर में कुछ स्थानों में पानी भरने की सूचना मिली। जिसमें हिंदी मेनबोर्ड स्कूल भी शामिल है। जहां पर पानी भर जाने से शिक्षकों ने नगरपालिका को सूचना दी। जिसके बाद स्वास्थ्य सभापति राजिक अकील ने मौके पर कर्मचारियों को भिजवाया। दरअसल इस स्थान पर सडक़ की नालियों के ऊपर अतिक्रमण हो गया है। जिसके कारण नालियों की सफाई नहीं हो पा रही है। जिसका नतीजा शुक्रवार की बारिश में देखने को मिला। बीते 24 घंटों की बात करें तो शहर मेें लगभग एक इंच बारिश हुई। वहीं जिले के कान्हीवाड़ा सहित दूसरे स्थानों में भी बारिश हुई।

सर्दी के लिए हो जाइए तैयार -मौसम विभाग का कहना है कि बारिश का यह क्रम शनिवार को भी जारी रह सकता है। इसके बाद धीरे-धीरे मौसम खुलने लगेगा और सर्दी दस्तक दे देगी। वैसे पिछले तीन दिनों में अधिकतम तापमान में पांच डिग्री से अधिक की गिरावट देखी गई है। वहीं रात के तापमान में भी दो डिग्री की गिरावट हुई है। मौसम विभाग ने संभावना जताई है कि इस साल अच्छी बारिश हो सकती है।

Tags:    

Similar News