बहराइच हिंसा: एक्शन में योगी सरकार, अब तक हुई 31 की गिरफ्तारी, मुख्य आरोपियों के घर पर चलेगा बुलडोजर!

  • बहराइच हिंसा मामले में पुलिस का बड़ा एक्शन
  • मुख्य आरोपियों के साथ 26 और को किया गिरफ्तार
  • अब तक कुल 31 लोगों की हुई गिरफ्तारी

Bhaskar Hindi
Update: 2024-10-18 20:04 GMT

डिजिटल डेस्क, लखनऊ। उत्तर प्रदेश के बहराइच में बीते दिनों हुई हिंसा मामले में पुलिस ने बड़ा एक्शन लेते हुए 26 और लोगों को गिरफ्तार किया है। सभी आरोपियों को मेडिकल टेस्ट के बाद पुलिस कस्टडी में भेज दिया गया है। इससे पहले पुलिस ने 5 आरोपी अब्दुल हमीद, रिंकू उर्फ सरफराज, फहीम, तालीम और अफजल को गिरफ्तार किया था। इस तरह अब इस कुल 31 लोगों को गिरफ्तार कर जेल भेजा जा चुका है।

हरदी थाना प्रभारी ने गिरफ्तार हुए लोगों के बारे में जानकारी देते हुए कहा, पुलिस द्वारा गिरफ्तार हुए आरोपियों के नाम अलताफ, अनवर हुसैन, तालिब, नफीस, नौसाद, सलाम बाबू, गुलाम यश, अनवार अशरत, मो. एहशान, मो. अली, दोस्त मोहम्मद, मो. जाहिद, शुद आलम, मो. इमरान, जिशान अदिल, रिजवान, फुलकान, इमरान, समसुद्दीन, मेराज, आमीर, शाहजादे, मो. मौसीन, शहजादे और सलमान हैं।

आरोपियों के घर पर चलेगा बुलडोजर!

मामले में मुख्य आरोपी अब्दुल हमीद समेत 23 लोगों के घरों पर लोक निर्माण विभाग ने नोटिस लगा दिया है। रास्ते पर अतिक्रमणकर मकान बनाए जाने की नोटिस चस्पा की गई है। जिसमें तीन दिन के अंदर ग्रामीण सड़क के बीच से 60 फीट की दूरी पर बनाए गए निर्माण को हटाने के लिए नोटिस लगाया गया है। नोटिस में लिखा है कि यदि आपने यह निर्माण जिलाधिकारी महोदय, बहराइच या पूर्व विभागीय अनुमति से किया गया है तो उसकी मूल प्रति तत्काल उपलब्ध करायें व उक्त अवैध निर्माण तीन दिवस के अंदर स्वयं हटा लें। अन्यथा की दशा में अवैध निर्माण पुलिस एवं प्रशासन के सहयोग से हटवाने की कार्यवाही की जायेगी। कार्यवाही में किये गये व्यय को राजस्व के माध्यम से आपसे ही वसूला जायेगा।

बता दें कि 13 अक्टूबर को महसी तहसील स्थित महराजगंज बाजार में मूर्ति विसर्जन के दौरान पथराव और हिंसा की घटना हुई थी। जिसमें एक घर से झंडा उतार रहे रेहुवा मंसूर गांव निवासी राम गोपाल मिश्रा नाम के युवक की गोली मारकर हत्या कर दी गई थी। जिसके अगले ही दिन गुस्साए लोगों ने इलाके में जमकर आगजनी की थी और कई वाहनों व मकानों को आग के हवाले कर दिया गया था। इस केस में पुलिस ने मुख्य आरोपियों समेत कई लोगों को गिरफ्तार कर लिया है। 

 

Tags:    

Similar News