IND vs NZ Test Series: यशस्वी ने किया ऐसा कमाल जो न कर पाए सचिन-विराट, गावस्कर के इस खास क्लब में जुड़ा बेट्समैन का नाम

  • यशस्वी ने एक कैलेंडर वर्ष में घरेलू मैदान पर पूरे किए 1000 टेस्ट रन
  • बन गए ऐसा करने वाले दुनिया के सातवें और भारत के तीसरे खिलाड़ी
  • 45 साल पहले 1979 में गुंडप्पा विश्वनाश ने पहली बार किया था यह कारनामा

Bhaskar Hindi
Update: 2024-10-26 11:24 GMT

डिजिटल डेस्क, नई दिल्ली। भारत और न्यूजीलैंड के बीच पुणे में खेले जा रहे टेस्ट सीरीज के दूसरे मुकाबले में टीम इंडिया के सलामी बल्लेबाज यशस्वी जायसवाल ने धूम मचा दी है। मुकाबले के तीसरे दिन भारत को जीत के लिए 359 रनों का लक्ष्य मिला। इस दौरान यशस्वी ने टीम को धमाकेदार शुरुआत दिलाते हुए 65 गेंदों में 77 रनों की अर्धशतकीय पारी खेली। इसके अलावा उन्होंने घरेलू मैदान पर एक साल में टेस्ट क्रिकेट में 1000 रनों का आंकड़ा पार कर लिया है। इसी के साथ यशस्वी अब ऐसा करने वाले तीसरे भारतीय खिलाड़ी बन गए हैं। आपको बता दें, क्रिकेट के भगवान कहे जाने वाले सचिन तेंदुलकर और भारतीय स्टार बल्लेबाज विराट कोहली भी अपने करियर में ऐसा कारनामा नहीं कर पाए हैं।

दरअसल, न्यूजीलैंड के खिलाफ जारी पुणे टेस्ट में सलामी बल्लेबाज यशस्वी जायसवाल काफी शानदार फॉर्म में नजर आ रहे है। उन्होंने दूसरी पारी में टीम को एक शानदार शुरुआत देते 77 रन बनाए। लेकिन मिशेल सैंटनर की गेंद पर वह आउट हो गए। लेकिन अपनी इस कमाल की अर्धशतकीय पारी के बदौलत उन्होंने अपने घरेलू मैदान पर टेस्ट क्रिकेट में एक साल में 1000 रन का आंकड़ा पार कर लिया है। इसी के साथ वह ऐसा करने वाले देश के तीसरे और दुनिया के सातवें बल्लेबाज बन गए हैं। 

जानकारी के लिए बता दें, पूर्व भारतीय खिलाड़ी गुंडप्पा विश्वनाश यह कारनामा करने वाले दुनिया के पहले खिलाड़ी थे। उन्होंने यह किर्तीमान अपने नाम साल 1979 में किया था। इसके बाद उसी साल सुनील गावस्कर ने भी इस खास लिस्ट में अपना नाम जोड़ लिया था। लेकिन क्रिकेट इतिहास में बीते 45 सालों से यह कारनामा किसी भी भारतीय खिलाड़ी ने नहीं किया था। लेकिन पुणे टेस्ट में यशस्वी ने अपने शानदार प्रदर्शन से इस खास कल्ब में अपनी जगह बना ली है।

एक कैलेंडर वर्ष में घरेलू टेस्ट में 1000 रन पूरे करने वाले खिलाड़ी

1047 गुंडप्पा विश्वनाथ (1979)

1013 सुनील गावस्कर (1979)

1058 ग्राहम गूच (1990)

1012 जस्टिन लैंगर (2004)

1126 मोहम्मद यूसुफ (2006)

1407 माइकल क्लार्क (2012)

1007 यशस्वी जायसवाल (2024)

पुणें टेस्ट में भारत को मिली हार

भारत और न्यूजीलैंड के बीच खेले जा रहे दूसरे टेस्ट में कीवी टीम ने 113 रनों से जीत दर्ज कर ली है। इसी के साथ न्यूजीलैंड ने 2-0 से सीरीज पर अपना कब्जा जमा लिया है पुणे टेस्ट में मेहमान टीम ने पहले बल्लेबाजी करते हुए 259 रन बनाए थे। इसके जवाब में भारत अपनी पहली पारी के दौरान महज 156 रनों पर सिमट गई थी। इसी के साथ, पहली पारी के आधार पर न्यूजीलैंड ने टीम इंडिया पर 103 रनों की बढ़त हासिल कर ली थी। मुकाबले की दूसरी पारी में न्यूजीलैंड ने 255 रन बनाए और भारत के सामने 359 रनों का बड़ा टारगेट सेट किया। इस विशाल लक्ष्य का पीछा करते हुए रोहित एंड कंपनी महज 245 रनों पर ढेर हो गई।

Tags:    

Similar News