IND vs NZ Test Series: "रोहित को धोनी से सीखने की जरूरत", भारतीय कप्तान की लीडरशिप पर इस पूर्व खिलाड़ी ने उठाए सवाल

  • बेंगलुरु टेस्ट को लेकर पूर्व खिलाड़ी संजय मांजरेकर ने की रोहित की कप्तानी पर टिप्पणी
  • न्यूजीलैंड ने तीसरे दिन भारत पर हासिल की 356 रनों की बढ़त
  • दूसरे दिन 46 रनों पर सिमट गई थी टीम इंडिया

Bhaskar Hindi
Update: 2024-10-18 11:28 GMT

डिजिटल डेस्क, नई दिल्ली। भारत और न्यूजीलैंड के बीच तीन मैचों की टेस्ट सीरीज की शुरुआत हो चुकी है। सीरीज का पहला मुकाबला बीते 16 अक्टूबर से बेंगलुरु के एम चिन्नास्वामी क्रिकेट स्टेडियम में खेला जा रहा है। मुकाबले का पहला दिन बारिश की भेंट चढ़ गया था। लेकिन दूसरे और तीसरे दिन मैच की सफलतापूर्वक शुरुआत हो सकी। बेंगलुरु टेस्ट की पहली पारी में टीम इंडिया का प्रदर्शन काफी निराशाजनक रहा था। रोहित शर्मा की कप्तानी वाली टीम महज 46 रनों पर सिमट गई थी। इसके जवाब में न्यूजीलैंड ने अपनी पहली पारी में 402 रन बनाए। भारतीय टीम के खराब प्रदर्शन को लेकर एक पूर्व खिलाड़ी ने रोहित शर्मा की कप्तानी पर सवाल खड़े कर दिये हैं।

दरअसल, बेंगलुरु टेस्ट के दूसरे दिन टीम इंडिया केवल 46 रनों पर सिमट गई थी जिसे लेकर भारतीय फैंस काफी नाराज थे। इसी बीच पूर्व भारतीय क्रिकेटर संजय मांजरेकर ने टीम के खराब प्रदर्शन के लिए कप्तान रोहित शर्मा की कैपटेंसी पर टिप्पणी कर दी है। साथ ही उन्होंने रोहित की तुलना पूर्व भारतीय कप्तान महेंद्र सिंह धोनी से भी की है। 

संजय मांजरेकर ने सोशल मीडिया प्लेटफॉर्म एक्स पर पोस्ट करते हुए लिखा, "धोनी के अंदर एक यूनिक क्वालिटी रही है। वे ज्यादा नुकसान होने से पहले ही बॉलिंग को चेंज कर देते थे। रोहित को यह क्वालिटी अपनी लीडरशिप में लाने की जरूरत है।"

आपको बता दें, बेंगलुरु टेस्ट में भारत ने पहली पारी के दौरान 46 रनों पर अपने सभी खिलाड़ियों के विकेट गवां दिए थे। इस दौरान टीम के टॉप-4 बल्लेबाज बिना खाता खोले ही पवेलियन की ओर रवाना हो गए थे। इनमें स्टार बल्लेबाज विराट कोहली, केएल राहुल, रवींद्र जडेजा और रविचंद्रन अश्विन जैसे दिग्गजों के नाम शामिल हैं। वहीं टीम के कप्तान रोहित शर्मा भी 2 रन बनाकर आउट हो गए थे। इसके जवाब में उतरी कीवी टीम ने शानदार बल्लेबाजी करते हुए बोर्ड पर 402 जड़ दिए। इसमें रचिन रविंद्र और डेवन कॉनवे की कमाल की पारी की अहम भूमिका रही थी। टीम के तूफानी बल्लेबाज रचिन रविंद्र ने 134 रनों की शतकीय पारी खेली थी। वहीं, डेवन कॉनवे ने टीम के लिए 91 रन जोड़े। इसी के साथ कंगारूओं ने भारत पर 356 रनों की बढ़त हासिल कर ली है।

Tags:    

Similar News