हरियाणा की कमान सैनी के हाथ: 17 अक्टूबर को नायब सिंह सैनी लेंगे हरियाणा CM पद की शपथ, पंचकूला में होगा समारोह, 12 मंत्री भी ले सकते हैं शपथ

  • 17 अक्टूबर को पंचकूला ग्राउंड में सैनी लेंगे शपथ
  • 12 मंत्री हो सकते हैं सैनी मंत्रिमंडल में शामिल
  • शपथ ग्रहण की तारीख बढ़ाई गई आगे

Bhaskar Hindi
Update: 2024-10-12 08:17 GMT

डिजिटल डेस्क, नई दिल्ली। हरियाणा की कमान एक बार फिर नायब सिंह सैनी के हाथों में दी जा रही है। सैनी 17 अक्टूबर, गुरुवार को मुख्यमंत्री पद के लिए शपथ ग्रहण करेंगे। प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी सहित भारतीय जनता पार्टी के कई दिग्गज नेता शपथ ग्रहण समारोह में हिस्सा लेंगे। यह कार्यक्रम दस बजे दशहरा मैदान सेक्टर 5 पंचकूला में आयोजित किए जाने की खबर है। शुक्रवार शाम तक खबर थी कि नायब सिंह सैनी 15 अक्टूबर को शपथ ले सकते हैं। लेकिन अब ये तारीख बदल कर 17 अक्टूबर हो बताई जा रही है।

दरअसल, इस बार का हरियाणा विधानसभा चुनाव जीतकर बीजेपी ने हैट्रिक जड़ दी है। 8 अक्टूबर को नतीजों का एलान होने के बाद हरियाणा का मुख्यमंत्री कौन होगा इसको लेकर काफी चर्चा हो रही थी। नायब सिंह सैनी 17 अक्टूबर को सीएम पद की शपथ लेने जा रहे हैं।

मनोहर लाल खट्टर ने की पुष्टि

हरियाणा के पूर्व मुख्यमंत्री और केंद्रीय मंत्री मनोहर लाल खट्टर ने बताया कि नायब सिंह सैनी 17 अक्टूबर को सीएम पद के लिए शपथ लेंगे। सैनी के अलावा पंचकूला में सभी मंत्रिपरिषद भी शपथ ग्रहण करेंगे।

12 मंत्री ले सकते हैं शपथ

सूत्रों के मुताबिक, सैनी मंत्रिमंडल में 12 मंत्रियों को जगह मिल सकती है जो 17 अक्टूबर को शपथ ले सकते हैं। सूत्रों के अनुसार, इन मंत्रियों में अनिल विज (पंजाबी), कृष्ण बेदी (वाल्मिकी), कृष्णलाल पंवार (जाटव), अरविंद शर्मा (ब्राह्मण), कृष्ण मिड्डा (पंजाबी), महिपाल ढांडा (जाट), मूलचंद शर्मा (ब्राह्मण), लक्ष्मण यादव (यादव), राव नरबीर (यादव), सुनील सांगवान (जाट), बिपुल गोयल (बनिया), तेजपाल तंवर (गुर्जर) के नाम शामिल हैं।

हरियाणा में बीजेपी की हैट्रिक

मालूम हो कि, हरियाण में 5 अक्टूबर को विधानसभा चुनाव आयोजित किए गए थे। 8 अक्टूबर को रिजल्ट की घोषणा हुई थी। राज्य में पूर्ण बहुमत के साथ बीजेपी की शानदार जीत हुई। वहीं, कांग्रेस को हार का सामना करना पड़ा। हरियाणा की कुल 90 सीटों में से बीजेपी के खाते में 48 सीटें आईं। दूसरी ओर कांग्रेस ने 37 सीटें हासिल की। आईएनएलडी ने मात्र 2 सीटें जीती। 

Tags:    

Similar News