गुजरात मौसम: गुजरात पर मंडरा रहा चक्रवात असना का खतरा, 48 सालों बाद अरब सागर में फिर उठेगा तूफान, IMD का अलर्ट

  • गुजरात में बाढ़-बारिश का सिलसिला जारी
  • गुजरात में चक्रवात असना का खतरा
  • IMD ने जारी किया अलर्ट

Bhaskar Hindi
Update: 2024-08-30 08:27 GMT

डिजिटल डेस्क, नई दिल्ली। गुजरात में बारिश और बाढ़ का कहर जारी है। लोगों की मुश्किलें कम होने का नाम नहीं ले रही हैं। इसी बीच गुजरात पर चक्रवात असना (Cyclone Asna) का बड़ा खतरा नजर आ रहा है। मौसम विभाग (IMD) ने चेतावनी देते हुए बताया कि, अगले दो दिनों तक गुजरात में 60-65 किमी प्रति घंटे की रफ्तार से तेज हवाएं चलेंगी। गुजरात (Gujrat Weather) के सौराष्ट्र-कच्छ क्षेत्र पर एक चक्रवात बन रहा है, जिसके शुक्रवार को अरब सागर के ऊपर उभरने और ओमान तट की ओर बढ़ने की उम्मीद है।'

आपको बता दें, IMD का कहना है कि तूफान की तीव्रता में इतने दिनों कोई बदलाव देखने को नहीं मिला है। जिसके चलते सौराष्ट्र और कच्छ पर दबाव बन रहा है। इस क्षेत्र में चक्रवाती तूफान शुक्रवार को तट से टकरा सकता है। इसी वजह से इस इलाके में भीषण बारिश होने की संभावना बढ़ जाती है।

48 साल बाद आएगा चक्रवाती

मौसम विभाग के अनुसार, अगस्त में 1976 के बाद अरब सागर के ऊपर विकसित होने वाला यह पहला चक्रवाती तूफान होगा। मालूम हो कि, उस वक्त यह चक्रवात ओडिशा के ऊपर उठा था। जिसके बाद यह चक्रवात पश्चिम-उत्तर-पश्चिम की तरफ बढ़ा था। लेकिन उत्तर-पश्चिम अरब सागर तक पहुंचने तक चक्रवात की तीव्रता घट गई थी।

जानें गुजरात के हालात

दरअसल, गुजरात में भीषण बारिश के चलते हाहाकार मचा हुआ है। जानकारी के मुताबिक, मॉनसून की शुरुआत से अभी तक लगभग 41,500 से भी अधिक लोग विस्थापित हुए हैं। यहां चार दिनों से लगातार बारिश का कहर जारी है। अब तक 28 लोगों की मौत होने की जानकारी है। जैसे-जैसे दिन बीतते जा रहे हैं वैसे-वैसे मौत के आंकड़े बढ़ रहे हैं। कई इलाकों में बाढ आ गई है, सड़कें दरिया बन गई हैं, घर ढूब गए हैं। हालात ऐसे हैं कि लोगों को बचाने के लिए रेस्क्यू ऑपरेशन चलाया जा रहा है। 29 अगस्त को चौथा दिन था लेकिन लोगों को बारिश से जरा भी राहत नहीं मिली। मौसम विभाग ने 11 जिलों में रेड अलर्ट जारी किया है। वहीं, बाकी के 22 जिलों में बारिश का येलो अलर्ट जारी है। मौसम विभाग के वैज्ञनिकों के अनुमान के मुताबिक, गुजरात में अगले पांच दिनो तक भारी बारिश का सिलसिला बरकरार रहेगा। 

नेशनल हाईवे बंद

भीषण बारिश के चलते यातायात प्रभावित हो रहे हैं। जानकारी के अनुसार, अभी तक कुल 939 रास्तों को बंद कर दिया गया है। जिसमें 5 नेशनल हाइवे, 2 एनएचएआइ, 66 स्टेट बाइवे और 774 पंचायत सड़कें सहित 92 अन्य सड़कें बंद कर दी गईं हैं।

यह भी पढ़े -कांग्रेस सांसद कुमारी शैलजा ने कहा भाजपा की हरियाणा में कोई पकड़ नहीं

Tags:    

Similar News