तूफान 'दाना': 110 किमी की रफ्तार से देने वाला है ओडिशा में दस्तक, लोगों को पुरी छोड़ने की चेतावनी, हाई अलर्ट पर NDRF की टीम

  • जल्द आने वाला है तूफान 'दाना'
  • पर्यटकों को दी गई जल्द से जल्द पुरी खाली करने के निर्देश
  • मछुआरों को दी गई चेतावनी

Bhaskar Hindi
Update: 2024-10-22 06:06 GMT

डिजिटल डेस्क, नई दिल्ली। मौसम में फिर से बदलाव देखने मिल रहा है। चक्रवाती तूफान 'दाना' की वजह से मौसम बिगड़ सकता है। ओडिशा और पश्चिम बंगाल के कई हिस्सों में तेज आंधी और तूफान के साथ-साथ भारी बारिश होगी। ओडिशा और पश्चिम बंगाल के साथ कई अन्य जगहों पर भारी बारिश का अलर्ट जारी किया गया है। मौसम विभाग के मुताबिक, दाना नाम का चक्रवाती तूफान ओडिशा तट से टकराएगा। जिसके 24 अक्टूबर तक पहुंचने के आसार हैं। इसमें कई जगहें शामिल हैं जहां 110 किमी प्रति घंटे की स्पीड से हवाएं चल सकती हैं।

लोगों को दी गई चेतावनी

मौसम विभाग की तरफ से लोगों को चेतावनी दी जा रही है। साथ ही ओडिशा की सरकार ने पर्यटकों के लिए निर्देश जारी किए हैं और पर्यटकों से अपील की जा रही है कि वो जितनी जल्दी हो सके उतनी जल्दी पुरी छोड़ दें। सीएम मोहन चरण माझी ने मौसम की स्थिति देखकर बैठक की है। जिसमें कई सलाहें जारी की हैं। सीएम माझी का कहना है कि पुरी में जितने भी पर्यटक हैं उन्हें शहर अभी छोड़ देना चाहिए। क्योंकि ये भीषण तूफान काफी नुकसान कर सकता है।

कब कर सकता है लैंडफॉल?

मौसम विभाग के मुताबिक, चक्रवाती तूफान दाना गुरुवार यानी 24 अक्टूबर को लैंडफॉल कर सकता है। जिसका असर ओडिशा के अलावा भी कई जगहों पर देखने मिलेगा। लेकिन ओडिशा के साथ-साथ पश्चिम बंगाल में इसका काफी ज्यादा असर पड़ने की संभावना है। तूफान की वजह से राष्ट्रीय आपदा प्रतिक्रिया बल ने पश्चिम बंगाल में 14 टीमें और ओडिशा में 11 टीमों को भेजकर अलर्ट जारी कर दिया है।

इन जिलों में बारिश के आसार

कैबिनेट सचिव ने बंगाल की खाड़ी में आने वाले चक्रवात की तैयारियां शुरू कर दी हैं। साथ ही राष्ट्रीय संकट प्रबंधन समिति की बैठक की जिसमें बताया कि कई नगरों में भारी बारिश के आसार हैं। जिसमें भद्रक, बालासोर, जाजपुर, केंद्रपाड़ा, कटक, जगतसिंहपुर, रायगड़ा, गजपति, गंजम, कंधमाल, नयागढ़, खुदरा के अलावा कई और नगर शामिल हैं।

मछुआरों को दी गई चेतावनी

चक्रवाती तूफान की वजह से सुरक्षा बल अलर्ट मोड में हैं। साथ ही लोगों को भी दिशानिर्देश दिए जा रहे हैं। तूफान की रफ्तार से अंदाजा लगाया जा रहा है कि कितनी परेशानी हो सकती है। तूफान आने की वजह से मछुआरों को भी चेतावनी दी गई है कि वो समुद्र में ना जाएं। साथ ही जो मछुआरे समुद्र में हैं उनको जल्द से जल्द किसी सुरक्षित जगह जाने को कहा गया है।

Tags:    

Similar News