ठगी: धोनी से मकान-पैसा दिलाने का लालच देकर बच्चे का अपहरण किया और बेच डाला, आठ गिरफ्तार

बेचा गया बच्चा भी बरामद कर लिया गया है

Bhaskar Hindi
Update: 2023-11-07 08:10 GMT

डिजिटल डेस्क, रांची। क्रिकेटर महेंद्र सिंह धोनी से मकान और पैसा दिलाने का झांसा देकर एक महिला के डेढ़ साल के बच्चे को किडनैप करने और उसे सवा लाख रुपए में एक दंपति को बेच डालने की घटना में रांची पुलिस ने तीन महिलाओं सहित आठ लोगों को गिरफ्तार किया है। बेचा गया बच्चा भी बरामद कर लिया गया है। बच्चे का अपहरण रांची शहर के हिनू से बीते 22 अक्टूबर को किया गया था। रांची के जगन्नाथपुर इलाके की रहने वाली मधु देवी अपने बच्चे के साथ हिनू में खड़ी थी, तभी वहां एक-एक पुरुष और महिला ने आकर उसे बताया कि महेंद्र सिंह धोनी गरीबों के बीच मकान और पैसा बांट रहे हैं।

उनके कहने पर महिला उनके साथ बाइक पर सवार होकर हरमू बिजली ऑफिस के पास पहुंची। यहां उसे बातों में उलझाकर महिला-पुरुष उसका बच्चा लेकर फरार हो गई। रांची के एसएसपी चंदन कुमार सिन्हा ने बताया कि इस मामले की जांच के लिए एसआईटी का गठन किया गया। टीम ने सबसे पहले रांची के मधुकम निवासी विनय वर्मा और सिमडेगा निवासी सलूजा बेगम को पकड़ा। इनसे पूछताछ और जांच में पता चला कि बच्चे को चतरा जिले के इटखोरी के एक निःसंतान दंपति के हाथों बेच दिया गया है।

पुलिस ने एक-एक कर बच्चे की खरीद-बिक्री में शामिल अन्य आरोपियों रामगढ़ निवासी गीता मुंडा, कृष्णा मिश्रा, रांची के चान्हो निवासी साजिद अंसारी, चतरा के इटखोरी निवासी महेंद्र साव, कुंती देवी और सरिता देवी को गिरफ्तार कर लिया।

--आईएएनएस

अस्वीकरण: यह न्यूज़ ऑटो फ़ीड्स द्वारा स्वतः प्रकाशित हुई खबर है। इस न्यूज़ में BhaskarHindi.com टीम के द्वारा किसी भी तरह का कोई बदलाव या परिवर्तन (एडिटिंग) नहीं किया गया है| इस न्यूज की एवं न्यूज में उपयोग में ली गई सामग्रियों की सम्पूर्ण जवाबदारी केवल और केवल न्यूज़ एजेंसी की है एवं इस न्यूज में दी गई जानकारी का उपयोग करने से पहले संबंधित क्षेत्र के विशेषज्ञों (वकील / इंजीनियर / ज्योतिष / वास्तुशास्त्री / डॉक्टर / न्यूज़ एजेंसी / अन्य विषय एक्सपर्ट) की सलाह जरूर लें। अतः संबंधित खबर एवं उपयोग में लिए गए टेक्स्ट मैटर, फोटो, विडियो एवं ऑडिओ को लेकर BhaskarHindi.com न्यूज पोर्टल की कोई भी जिम्मेदारी नहीं है|

Tags:    

Similar News