पुसद में दोहरा हत्याकांड: चाचा और भतीजे की निर्मम हत्या, एक गंभीर

  • पुसद के इटावा वार्ड में दोहरा हत्याकांड
  • दो की की निर्मम हत्या
  • एक की हालत बेहद गंभीर

Bhaskar Hindi
Update: 2023-07-21 13:52 GMT

डिजिटल डेस्क, पुसद (यवतमाल). जिले में में हत्याओं का सिलसिला घटने के बजाए बढ़ता जा रहा है। यवतमाल शहर में हत्या की दो घटनाओं के बाद अब पुसद शहर भी चाचा-भतीजा हत्याकांड से दहल उठा। दोस्तों ने ही आपसी रंजिश में बुधवार देर रात केवटे परिवार के घर पर आकर तीक्ष्ण हथियारों से हमला कर दिया। इसमें चाचा-भतीजे की घटनास्थल पर ही मौत हो गई तथा तीसरा गंभीररूप से घायल है। मृतकों के नाम पुसद के इटावा वार्ड निवासी चाचा राहुल हरिदास केवटे (45), भतीजा कृष विलास केवटे (20) बताए जाते हैं। गंभीर रूप से घायल बंटी हरिदास केवटे (23) को यवतमाल के जिला जिला सरकरी अस्पताल में भर्ती करवाया गया है। घटना के बाद से सभी आरोपी फरार हो गए थे। बताया जा रहा है कि केवटे भाइयों का बुधवार शाम आरोपियों के साथ विवाद हो गया था। इसी विवाद के चलते आरोपियों ने बुधवार देर रात केवटे के घर पर हाथियारों से लैस होकर हमला बोल दिया। इस हमले में राहुल केवटे और कृष केवटे के मौके पर ही मौत हो गई। जबकि मृतक का पुत्र बंटी केवटे भी गंभीररूप से घायल हो गया। यवतमाल जिला अस्पताल में भर्ती बंटी की हालत भी नाजुक बताई जा रही है। घटना की जानकारी मिलते ही एसपी डा. पवन बंसोड़, अतिरिक्त एसपी पीयुष जगताप, पुसद शहर थानेदार उमेश बेसरकर आदि ने मौके पर पहुंचकर जांच शुरू कर दी।

पंचनामा कर दोनों शवों को पोस्टमार्टम के लिए अस्पताल भेजा गया। नयन केवटे की शिकायत से पुसद शहर पुलिस ने आरोपी पवन वालके (23), अनिल चव्हाण(22), निलेश थोरात(24), गणेश तोड़कर(21), गोपाल कापसे(26), गणेश कापसे(24) के खिलाफ भादंवि की धारा 302, 307, 143, 144, 147, 148, 149, समेत एट्रासिटी एक्ट के तहत अपराध दर्ज किया है। फरार आरोपियों की तलाश में पुलिस के कुछ दल अलग-अलग स्थानों के साथ अहमदनगर भी भेजे गए। इधर पुसद के इटावा वार्ड में हुए दोहरे हत्याकांड के बाद परिसर में अप्रिय घटना को टालने के लिए तगड़ा पुलिस बंदोबस्त लगाया गया। इस घटना की शहर में फैलने के बाद लोगांे की भीड़ घटनास्थल पर जमा होने लगी। पोस्टमार्टम के बाद मृतकों के शव परिजनों को सौंप दिए गए थे। मृतक राहुल केवटे और कृष केवटे का गुरुवार दोपहर 2 बजे पुसद के मोक्षधाम में अंतिम संस्कार किया गया।

आरोपी अहमदनगर से गिरफ्तार

घटना के बाद केवटे हत्याकांड के आरोपी मौके से भाग खड़े हुए थे। तब से पुलिस इन आरोपियों की तलाश कर रही थी। इधर पुलिस ने तब आरोपियों का लोकेशन ट्रैस किया तो लोकेशन अहमदनगर बता रहा था। पुसद पुलिस के एक दल ने अहमदनगर जाकर छह आरोपियों को हिरासत में लिया। समाचार लिखे जाने तक उन्हें पुसद लाने की कार्रवाई चल रही थी। इसी के साथ इस मामले को लेकर भीम टाइगर सेना के पदाधिकारियों ने एसडीपीओ पंकज अतुलकर से मिलकर आरोपियों पर कड़ी कार्रवाई की मांग की। 

Tags:    

Similar News