सिवनी: राम रंग में रंगी शिव की नगरी, दीवाली सा मना उत्सव

  • राम रंग में रंगी शिव की नगरी, दीवाली सा मना उत्सव
  • अयोध्या में भगवान श्रीराम की प्राण प्रतिष्ठा पर जिले भर में रहा जबरदस्त उत्साह
  • जमकर हुई आतिशबाजी, जलाए गए घर-घर दीपक

Bhaskar Hindi
Update: 2024-01-23 04:55 GMT

डिजिटल डेस्क, सिवनी।अयोध्या में भगवान श्रीराम के प्राण प्रतिष्ठा समारोह को लेकर शिव की नगरी सिवनी सहित पूरे जिले में जबरदस्त उत्साह देखने को मिला। विशाल स्क्रीनों में अयोध्या के कार्यक्रम का सीधा प्रसारण देखने के लिए जगह-जगह लोग उमड़ पड़े। मंदिरों में भक्तों का तांता लगा रहा। श्री राम जी की प्राण प्रतिष्ठा होने के बाद जिले भर में उत्साहित लोगों ने जमकर आतिशबाजी की गई। दिन भर जय श्रीराम के जयकारे लगते रहे। विभिन्न मंदिरों में विशेष पूजन अर्चन किए गए। जिला मुख्यालय के साथ ही लखनादौन, घंसौर, केवलारी, छपारा, बरघाट, कुरई, धूमा, छपारा सहित जिले भर में गांव-गांव जहां दिन भर पूजन-अर्चन, भजन-कीर्तन, रामचरित मानस पाठ, भण्डारा हुए। वहीं रात को घर-घर दीप जलाकर, आतिशबाजी कर श्रीराम जी की प्राण-प्रतिष्ठा के दिन को दीवाली की तरह मनाया गया।

देखा गया लाइव प्रसारण

सिवनी में विभिन्न स्थानों पर अयोध्या के कार्यक्रम का सीधा प्रसारण बड़ी स्क्रीन पर दिखाया गया। शुक्रवारी में श्री राम मंदिर के पास विधायक दिनेश राय मुनमुन, पूर्व विधायक राकेश पाल, कलेक्टर क्षितिज सिंघल सहित बड़ी संख्या में लोगों ने प्राण प्रतिष्ठा के कार्यक्रम का सीधा प्रसारण देखा। इसी तरह मठ मंदिर क्षेत्र में सांसद डॉ. ढाल सिंह बिसेन, भाजपा अध्यक्ष आलोक दुबे सहित आम लोगों ने लाइव प्रसारण देखा। इसके अलावा नगर के अन्य क्षेत्र के साथ जिले भर में जगह-जगह लाइव प्रसारण देखा गया।ट

यह भी पढ़े -केवलारी डकैती में शामिल था गोलीकांड का एक आरोपी

डीजे पर गूंजे श्रीराम भजन

शहर में हर गली मोहल्लों में श्रीराम लला की प्राण प्रतिष्ठा का उत्साह लोगों के सिर चढक़र बोल रहा था। शहर का कोई भी कोना ऐसा नहीं था जहां पर श्रीराम के भजन न गूंज रहे हों। महावीर मढिय़ा और शंकर मढिय़ा के पास सुबह के समय बैंड की धुनों में श्रीराम के भजनों ने माहौल भक्तिमय कर दिया। इसी प्रकार बुधवारी, नेहरू रोड, शुक्रवारी, बारापत्थर, मठ मंदिर क्षेत्र, माता दिवाला, छिंदवाड़ा चौक, एफसीआई गली, ढीमरी मोहल्ला, कंटगी नाका, रिशिका पुरम, आर्चीपुरम, डंूडासिवनी सहित विभिन्न इलाकों में विभिन्न आयोजनों का सिलसिला सुबह से शुरु होकर देर शाम तक चलता रहा।

सजाए गए थे अंगना

श्रीराम की प्राण-प्रतिष्ठा खुशी में लोगों ने अपने घरों और आंगन को सजाया। महिलाएं, युवतियां व बालिकाओं ने अपने घरों के आगे रांगोली सजाई। रांगोलियों में किसी ने प्रभु श्रीराम का चित्र बनाया तो किसी राम-सीता की तस्वीर उकेरी। मठ मंदिर में बनाई गई श्रीराम-सीता की विशाल रांगोली लोगों के आकर्षण का केन्द्र रही। लोग उसके साथ सैल्फी लेते नजर आए।

यह भी पढ़े -फरार बंदी गिरफ्तार, डकैती और हत्या के फरार आरोपी को स्पेशल टीम ने मंडला से दबोचा

जगह-जगह हुए भंडारा

शहर में अनेक स्थानों पर भंडारा आयोजित किए गए। कई स्थानों पर प्राण प्रतिष्ठा के साथ ही भंडारे शुरु हो गए थे तो कई स्थानों पर शाम के समय भंडारों का आयोजन किया गया। वहीं कई लोग निजी तौर पर भी भंडारों का आयोजन कर रहे थे तो मोहल्लों-कालोनियों में लोगों ने घर, मंदिर, मैदान आदि स्थान पर भंडारे के साथ सार्वजनिक पूजन का आयोजन किया।

खत्म हो गए कुर्ते

केसरिया रंग की दीवानगी लोगों के सिर चढक़र बोल रही थी। आलम यह था कि छोटे झंडे दोपहर में ही खत्म हो गए थे। वहीं टेलर लगातार इन्हें बनाने में लगे हुए थे। क्या छोटे, क्या बड़े सभी ने केसरिया और पीले कुर्ते पहने हुए थे। दोपहर में लगभग सभी दुकानों से छोटे बच्चों के कुर्ते समाप्त हो गए थे।

दीपकों की बंपर बिक्री

लोगों ने दीपावली की तरह सोमवार को दीपकों व पटाखों की खरीदी की। शहर मेें शंकर मढिय़ा, मठ मंदिर, शुक्रवारी सहित कई स्थानों पर दीपावली की तरह दीपकों की बिक्री हो रही थी। लोगों ने उत्साह से दीपक खरीदे। दीपकों का दाम बीस रुपए में 12 से 1५ दीपक था लेकिन लोग बिना किसी मोलभाव के इनकी खरीदी कर रहे थे।

यह भी पढ़े -राम मंदिर का इतिहास 15वीं सदी में वापस जाता है-विष्णु जैन

जेल में भी नजर आया उत्साह

जिला जेल सिवनी में भी भगवान राम लला की प्राण प्रतिष्ठा के कार्यक्रम को लेकर उत्साह नजर आया। रविवार से अखंड रामायण का पाठ बंदियों द्वारा किया गया, जिसका समापन सोनमवार को हुआ। इसके बाद जिला जेल के प्रांगण में बंदियों और जेल स्टाफ के द्वारा श्रीराम की आरती एवं सुंदर कांड का पाठ किया गया। जेल के स्टाफ के सौजन्य से बंदियों को प्रसाद और मिष्ठान का वितरण किया गया। इस पूरे कार्यक्रम में एसएस आर्मो जेल अधीक्षक, अजय सिंह वर्मा उप जेल अधीक्षक, मेडिकल ऑफिसर डॉ शुभम शिवहरे, कैलाश नेवारे, ध्रुव नारायण मिश्रा एवं स्टाफ उपस्थित रहा।

जलाई गई 11 फीट की अगरबत्ती

राम लला की प्राण प्रतिष्ठा के अवसर पर विभिन्न आयोजन सुबह से ही शुरु हो गए थे। श्रीराम दल समिति द्वारा 11 फीट की अगरबत्ती को प्रज्जवलित किया गया। भैरोगंज के हनुमान घाट में श्रीराम धनुष की स्थापना की गई। श्री बालरूप हनुमान मंदिर शुक्रवारी, सिद्धपीठ माता राजराजेश्वरी एवं शनिधाम ट्रस्ट मंदिर समिति के भगवान सूर्य मंदिर के विधायक निधि से स्वीकृत प्रवेश द्वार का भूमि पूजन विधायक दिनेश राय मुनमुन द्वारा किया गया। इस अवसर पर भाजपा जिलाध्यक्ष आलोक दुबे, पूर्व विधायक राकेश पाल सिंह, भाजपा उपाध्यक्ष संतोष अग्रवाल, पूर्व नगर पालिका अध्यक्ष राजेश त्रिवेदी, अजय बाबा पाण्डे आदि मौजूद रहे।

Tags:    

Similar News