Seoni News: दो इंच से ज्यादा बरसा पानी, भीमगढ़ बांध के पांच गेट खोले

  • सिवनी में अचानक मौसम में आया बदलाव, विवेकानंद वार्ड के दो घरों में फिर घुसा पानी
  • नगर पालिका द्वारा कराए जा रहे नाला निर्माण के कारण दो लोगों के घरों में पानी भर गया।
  • संजय सरोवर भीमगढ़ बांध अपनी फुलटैंक क्षमता 519.38 मीटर तक भर गया है।

Bhaskar Hindi
Update: 2024-09-25 08:43 GMT

Seoni News:  मौसम में अचानक आए बदलाव के चलते जिला मुख्यालय में मंगलवार की दोपहर तेज बारिश हुई। दोपहर पौने 12 बजे से डेढ़ बजे तक दो इंच से ज्यादा पानी बरसा। बारिश के चलते एहतियातन भीमगढ़ बांध के 5 गेट शाम को 6 बजे से खोल दिए गए। तेज बारिश शुरु होते ही इसी माह 10 सितंबर को दर्जनों घरों में जलभराव का सामना करने वाले विवेकानंद व तिलक वार्ड के लोग फिर पानी भरने की चिंता में घिर गए।

हालांकि बारिश थम जाने से 10 सितंबर जैसे हालात नहीं बने, लेकिन नगर पालिका द्वारा कराए जा रहे नाला निर्माण के कारण दो लोगों के घरों में पानी भर गया। जानकारी मिलते ही क्षेत्रीय पार्षद राजेश राजू मिश्रा ने सीएमओ आरके कुर्वेती को जानकारी देकर मौके पर जेसीबी बुलवाई।

नाला निर्माण के चलते एकत्र मिट्टी हटाकर पानी निकासी की व्यवस्था कराई गई। मौसम विभाग से मिली जानकारी के अनुसार सिवनी में मंगलवार को 62.2 मिमी बारिश दर्ज हुई है। अधिकतम तापमान 30 डिग्री सेल्सियस, जबकि न्यूनतम तापमान 23.6 डिग्री सेल्सियस दर्ज किया गया।

बारिश से मौसम में ठंडक का अहसास महसूस किया गया। जिले के छपारा, धनौरा सहित अन्य क्षेत्र में भी पानी गिरने की जानकारी सामने आई है। बुधवार को भी बारिश होने की संभावना जताई जा रही है।

सवा पांच मीटर तक खोले गेट

संजय सरोवर भीमगढ़ बांध अपनी फुलटैंक क्षमता 519.38 मीटर तक भर गया है। सिवनी सहित बांध के जलसंग्रहण क्षेत्र में पानी बरसने से एहतियातन मंगलवार की शाम 6 बजे बांध के 5 गेट खोल दिए गए। भीमगढ़ बांध के प्रभारी अधिकारी एसडीओ उदयभान सिंह मर्सकोले ने बताया कि पांच गेट सवा पांच मीटर हाइट तक खोलकर प्रति सेकेण्ड 26 हजार घनफिट पानी छोड़ा जा रहा है।

Tags:    

Similar News