सिवनी: किराया निर्धारित किए हुआ एक साल लेकिन नहीं लगे मीटर

  • मनमाना वसूला जा रहा है किराया
  • मजबूरी में कोई दूसरा साधन नहीं होने के कारण लोगों को किराया देना पड़ता ही है।
  • उपरोक्त किराए में 20 प्रतिशत की वृध्दि के साथ किराए की दर निर्धारित की गई थी।

Bhaskar Hindi
Update: 2024-07-05 09:13 GMT

डिजिटल डेस्क,सिवनी। पिछले साल जुलाई के महीने में परिवहन विभाग के द्वारा शहर के आटो के लिए किराया तय किया गया था। जिसमें किलोमीटर के हिसाब से दरें तय की गई थीं लेकिन साल भर हो जाने के बाद भी शहर के किसी भी ऑटो में किराए के मीटर नहीं लगे हैं।

जिसका परिणाम है कि मुसाफिर अभी भी ठगे जा रहे हैं। खासकर रात और तडक़े आने वाले लोगों को ऑटो चालकों को मनमाना किराया देना पड़ रहा है।

एक किलोमीटर का 15 रुपए हुआ था तय

संभागीय उप परिवहन आयुक्त संभाग जबलपुर द्वारा जिले अंतर्गत संचालित ऑटो रिक्शा का किराया निर्धारित किया गया था जिसके अनुसार प्रात: छह बजे से रात्रि 10 बजे तक प्रथम एक किलोमीटर के लिए न्यूनतम 22 रुपए, तत्पश्चात प्रत्येक किमी के लिए 15 रुपए निर्धारित किया गया है।

रात्रि 10 बजे से प्रात: छह बजे तक उपरोक्त किराए में 20 प्रतिशत की वृध्दि के साथ किराए की दर निर्धारित की गई थी।

रेलवे स्टेशन से आने वाले होते हैं परेशान

रात और तडक़े आने वाली ट्रेनों के मुसाफिर इन ऑटो चालकों का आसान निशाना बनते हैं। उन्हें घर पहुंचाने के लिए मनमाना किराया मांगा जाता है। मजबूरी में कोई दूसरा साधन नहीं होने के कारण लोगों को किराया देना पड़ता ही है।

प्रशासन ने किराया तो तय कर दिया लेकिन उसके बाद यह जानने की जहमत नहीं उठाई कि उनके निर्देशों का कितना पालन हो रहा है।

Tags:    

Similar News