तीसरी बार चोरी करने आई महिला रंगेहाथ स्टेशन पर धरी गई, आरपीएफ ने फुटेज के आधार पर पकड़ा 

नागपुर तीसरी बार चोरी करने आई महिला रंगेहाथ स्टेशन पर धरी गई, आरपीएफ ने फुटेज के आधार पर पकड़ा 

Bhaskar Hindi
Update: 2023-01-22 14:21 GMT
तीसरी बार चोरी करने आई महिला रंगेहाथ स्टेशन पर धरी गई, आरपीएफ ने फुटेज के आधार पर पकड़ा 

डिजिटल डेस्क, नागपुर. रेलवे स्टेशन पर चोरी की दो वारदातों को अंजाम देने के बाद तीसरी बार शुक्रवार को स्टेशन पर चोरी करने के इरादे से पहुंची महिला को सीसीटीवी में देख आरपीएफ ने उसे पहचान लिया और रंगेहाथ धरदबोचा। महिला दो चोरी की वारदात में एक लाख से ज्यादा का माल चुराने में सफल हुई थी। आरोपी महिला को  आगे की कार्रवाई के लिए जीआरपी के हवाले कर दिया गया है। जानकारी के अनुसार गत वर्ष 18 दिसंबर को स्टेशन पर एक महिला यात्री का लगेज चोरी हो गया था। जिसमें मोबाइल व नकद सहित कुल 47 हजार का सामान था। इसकी जानकारी जीआरपी को देने के बाद अज्ञात आरोपी के खिलाफ मामला दर्ज किया गया था। इसके बाद 5 जनवरी को ट्रेन संख्या 12849 में एक यात्री ने सामान चोरी होने की शिकायत की था। इस वारदात में सोने के गहने व नकद सहित कुल 51 हजार से ज्यादा का सामान चोरी हुआ था। इस मामले में भी अज्ञात आरोपी पर मामला दर्ज किया गया था। इन दोनों मामलों में फुटेज खंगालने पर आरपीएफ को एक संदिग्ध महिला देखाई दी। इसका वीडियो सभी विभागों में भेजा गया। शुक्रवार को फुटेज में यह महिला पूर्वीद्वार पर दिखाई देने पर ड्यूटी पर तैनात प्रधान आरक्षक भूपेंद्र बाथरी, आरक्षक युवराज तलमले, आरक्षक जवाहर सिंह, नागपुर पोस्ट आरक्षक नीरज कुमार, आरक्षक सुभाष, आरक्षक सागर लाखे ने शाम करीब 6 बजे इस संदिग्ध महिला को पकड़ लिया। पूछताछ में महिला ने अपना नाम सोनाली  उदयभान उखाड़े (30), रामेश्वरी रिंग रोड निवासी बताया। कड़ी पूछताछ करने पर उसने उक्त दोनों ट्रेन से चोरी करने की बात स्वीकार की। साथ ही बताया कि, शुक्रवार को फिर चोरी करने के उदेश्य से वह नागपुर स्टेशन पर आई थी। आगे की जांच के लिए महिला को जीआरपी के सुपुर्द कर दिया गया है। कार्रवाई पुलिस निरीक्षक एच.एल. मीना के मार्गदर्शन में की गई। 

Tags:    

Similar News