सोशल मीडिया की मदद से एक शख्स को 40 साल बाद मिला परिवार

सोशल मीडिया की मदद से एक शख्स को 40 साल बाद मिला परिवार

Bhaskar Hindi
Update: 2018-04-16 14:57 GMT
सोशल मीडिया की मदद से एक शख्स को 40 साल बाद मिला परिवार

डिजिटल डेस्क, मुंबई। पिछले 40 साल से अपने परिवार से दूर बांद्रा की सड़कों पर गुजर बसर कर रहे कुमड्राम गंभीर अपने मणिपुर में रहने वाले परिवार से मिलेंगे। सोशल मीडिया ने गंभीर को उनके परिवार से मिलाने में अहम भूमिका निभाई। मणिपुर पुलिस से जानकारी मिलने के बाद बांद्रा पुलिस ने उन्हें ढूंढ निकाला। गंभीर को वापस ले जाने के लिए मणिपुर के पतसोई पुलिस स्टेशन की टीम उनके परिवार के सदस्यों के साथ मुंबई पहुंच रही है। गंभीर को खोजने में अहम भूमिका निभाने वाले सीनियर इंस्पेक्टर पंडित ठाकरे ने बताया कि यूट्यूब पर वीडियो देखने के बाद पतसोई पुलिस ने इंटरनेट के जरिए बांद्रा पुलिस स्टेशन का नंबर हासिल किया और उनसे संपर्क किया। पतसोई पुलिस ने उन्हें गंभीर के बांद्रा में होने की जानकारी दी। उन्होंने तस्वीरों के जरिए गंभीर को जल्द ही खोज निकाला। इसके बाद पतसोई पुलिस से संपर्क कर गंभीर के मिलने की जानकारी दी। 

गंभीर की उनके परिवार से फोन पर बात कराई 
गंभीर की उनके परिवार से फोन पर बात कराई गई तो साफ हो गया कि वे उसी परिवार का हिस्सा हैं। दरअसल गंभीर मणिपुर राइफल्स में सात साल नौकरी कर चुके हैं। साल 1978 में वे परिवार को जानकारी दिए बिना घर छोड़कर निकल गए थे। परिवार के मुताबिक शादी के तीन महीने बाद ही वे अपनी पत्नी से अलग हो गए थे और उसके दो महीने बाद कहीं चले गए। एक साल बाद परिवार को उनके मिजोरम में होने की जानकारी मिली लेकिन जब तक परिवार पहुंचा वे वहां से भी निकल गए थे। इसके बाद परिवार की उन्हें तलाशने की सभी कोशिश नाकाम रही। 

गाना गाते हुए गंभीर का वीडियो अपलोड था 
इसी बीच परिवार के एक रिश्तेदार ने बताया कि उसने गंभीर को यू ट्यूब पर देखा। फिरोज शाकिर नाम के एक शख्स ने गाना गाते हुए गंभीर का वीडियो अपलोड किया था इसमें वे अपने बारे में जानकारी भी दे रहे थे। यह वीडियो पिछले साल अक्टूबर में अपलोड हुआ था लेकिन परिवार ने इसे अभी देखा इसके बाद स्थानीय पुलिस स्टेशन में उनकी गुमशुदगी की शिकायत दर्ज कराई गई। मुंबई पुलिस ने ट्वीट कर इसकी जानकारी दी है 40 साल बाद एक शख्स को परिवार से मिलाने के लिए सक्रिय सहयोग करने वाली मुंबई पुलिस की ट्वीट कर कई लोगों ने तारीफ की है। 
 

Similar News